सरगुजा

काम करवाने के बाद वन विभाग ने नहीं किया भुगतान, कार्यालय का चक्कर काटने मजबूर
25-Sep-2023 10:08 PM
काम करवाने के बाद वन विभाग ने नहीं किया भुगतान, कार्यालय का चक्कर काटने मजबूर

ग्रामीणों ने कलेक्टर से भुगतान करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 सितंबर। वन परिक्षेत्र अंबिकापुर के ग्राम घंघरी में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण के तहत वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को गड्ढा खोदकर वृक्षारोपण करने का कार्य दिया गया था।

तीन से चार महीना बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों को मजदूरी का भुगतान अब तक नहीं हो सका है, वहीं ग्रामीण डीएफओ कार्यालय से लेकर कलेक्टर कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हंै। सोमवार को अंबिकापुर कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण मजदूरी का भुगतान कराने कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे।

जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर शहर से लगे ग्राम घंघरी में वन विभाग के द्वारा जून-जुलाई में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण के कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण किया जाना था, जिसके लिए रूपपुर गांव के 40 से 50 ग्रामीणों से गड्ढा खुदवाया गया और वृक्षारोपण भी कराया गया। इसके बाद वन विभाग के द्वारा 15 से 20 दिनों में मजदूरी का भुगतान करने की बात कही थी, लेकिन 3 महीने गुजर जाने के बाद भी मजदूरी का भुगतान नहीं हो सका है।

डीएफओ कार्यालय के चक्कर लगाकर थक चुके ग्रामीणों ने कलेक्टर से गुहार लगाकर भुगतान करने की मांग की है।

काम पेंडिंग है भुगतान के लिए कर रहे हैं प्रोसेस- रेंजर

काम करवाने के बाद ग्रामीणों को भुगतान नहीं करने के संदर्भ में अंबिकापुर वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय लकड़ा ने कहा कि जून-जुलाई में ग्रामीणों से काम करवाया गया था, कार्य अभी भी पेंडिंग है। ग्रामीणों के मजदूरी भुगतान के लिए प्रक्रिया जारी है, शीघ्र ही उनका भुगतान कराया जाएगा।


अन्य पोस्ट