सरगुजा

खाद्य मंत्री के निवास पहुंचे शिक्षक, स्कूलों में पदस्थापना की मांग
23-Sep-2023 8:47 PM
खाद्य मंत्री के निवास पहुंचे शिक्षक, स्कूलों में पदस्थापना की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 सितंबर। सरगुजा संभाग के शिक्षकों ने खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के निवास पहुँचकर स्कूलों में पदस्थापना दिए जाने की मांग की है।

ज्ञात हो कि अप्रैल में सरकार ने शिक्षा विभाग में पदोन्नति करते हुए सभी शिक्षकों को काउंसलिंग के आधार पर जॉइनिंग करने को कहा था. लेकिन कई शिक्षक-शिक्षिकाओं को 250 से 300 किलोमीटर दूर जॉइनिंग मिलने पर काउंसलिंग में संशोधित जगह भी चुनने की अनुमति तत्कालीन सरगुजा संभाग के शिक्षा विभाग संयुक्त संचालक के द्वारा अपने पॉवर का इस्तेमाल करते हुए दी गई थी. जिसके आधार पर सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पास के स्कूलों में जॉइनिंग कर ली थी, लेकिन राज्य शासन ने जॉइनिंग में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए 4 सितंबर को सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं जॉइनिंग पर रोक लगा दी है, जिसकी वजह से यह सभी शिक्षक जहां पहले काउंसलिंग के आधार पर सरकार द्वारा पदोन्नति कर भेजा गया था, वहां भी अब जॉइनिंग नहीं कर पा रहे हैं।

 आज सैकड़ों की संख्या में शिक्षकों ने प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को राज्य सरकार तक पहुंचाने की बात कही है, साथ ही कहा कि शिक्षकों की जॉइनिंग नहीं होने से बच्चों का भविष्य अधर पर अटका हुआ है ना बच्चों को शिक्षकों के द्वारा शिक्षा मिल पा रही है और शिक्षक आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है।

इधर खाद्य मंत्री ने कहा कि शिक्षकों की मांगों को लेकर राज्य शासन को अवगत कराया जाएगा, उसके आधार पर ही आगे निर्णय लेने की बात कही है।


अन्य पोस्ट