सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 22 सितंबर। गुरुवार को नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र से जुड़े हुए सामाजिक संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के स्थानांतरण होने पर ब्रम्हकुमारी सेवा केन्द्र अम्बिकापुर के सभागार में उन्हें सम्मानित कर विदाई दी। सभागार में आयोजित विदाई समारोह में नवा बिहान के सदस्यों ने उन्हें शाल, श्रीफल तथा स्मृति चिन्ह के रूप में तस्वीर भेंटकर उन्हें शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने नवा बिहान के सदस्यों को सम्मान हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मैं आप सब के सम्मान से अभिभूत हूं। तथा आप सब से यह अपेक्षा करता हूं कि मेरी अनुपस्थिति में भी नशामुक्ति के लिए चलाए जा रहे इस पुनीत जन जागरण अभियान को सतत् जारी रखेंगे, मैं आप सभी से दूर होते हुए भी सदैव आपके साथ रहूंगा।
आगे उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य हैं। अत: युवाओं को हर प्रकार के नशे से दूर रखना देश एवं समाज के हित में है। पिछले दो वर्षों में नवा बिहान सरगुजा की टीम ने जो काम किया है वो अद्भुत है परन्तु अभी और बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक होते हुए भी हमें कभी ये महसूस नहीं हुआ कि हम किसी पुलिस अधिकारी से मिल रहे हैं। हमेशा एक परिवार के सदस्य के रूप में श्री शुक्ला हम सभी से मिलते रहे हैं। वरिष्ठ समाजसेविका सुश्री वन्दना दत्ता ने कहा कि मैंने जब भी विषम परिस्थितियों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय को याद किया वो हमेशा उपलब्ध रहे और उन्होंने समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया। ऐसे अफसर मिलना बहुत मुश्किल है। ब्रम्हकुमारी सेवा केन्द्र प्रमुख विद्या दीदी ने कहा कि नवा बिहान नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने में श्री शुक्ला जी का प्रमुख योगदान रहा है।
उनकी सोच से ही यह कार्यक्रम क्रियान्वित हुआ तथा हम सब अलग- अलग सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों एक साथ मिलकर काम करने का अवसर मिला।
समाजसेवी कवि संतोष सरल ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने अपनी कार्यशैली व व्यक्तित्व से अपनी एक अलग पहचान बनाई है , पहली बार पुलिस के बड़े अधिकारी सडक़ पर कानून व्यवस्था व यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए दिखाई दिए।