सरगुजा
संविदा स्वा. कर्मियों की हड़ताल में राजनीति ने प्रवेश कर लिया है-टीएस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 13 सितंबर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सरगुजा की मितानिन बहनों ने उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की कलाई पर राखी बांध रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। बुधवार को राजमोहनी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सरगुजा की सैकड़ों मितानिनों ने उपमुख्यमंत्री को राखी बांधी।
इस दौरान उन्हें संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने राखी बंधवाने में विलंब के लिए उनसे क्षमा मांगी। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में उनपर जवाबदेही बढ़ती जा रही है, इस कारण विलंब हुआ। कार्यक्रम को संबांधित करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में समर्पित सेवा भाव के लिये मितानिनों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि अल्प मानदेय के बावजूद मितानिन दिन-रात आमजन की सेवा में लगे रहते हैं। कोविड काल में मितानिन बहनों ने शानदार योगदान किया। इस दौरान उन्होंने संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की जारी हड़ताल को लेकर दुख व्यक्त किया।
हड़ताल समाप्त करने हेतु उन्हें संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 26 हजार से ज्यादा संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी हैं, किंतु उनमें से करीब 9 हजार कर्मचारी ही हड़ताल पर गये। उनसे लगातार बातचीत हो रही है और वे बार-बार हड़ताल वापस लेने का आश्वासन देकर अपनी बात से पलट जाते हैं। ऐसा लगता है कि संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल में राजनीति ने प्रवेश कर लिया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियुक्ति का प्राथमिक उद्देश्य आमजन की सेवा है न कि नौकरी देना। यदि ऐसे हड़ताल से आमजन की सेवा बाधित होती है तो ऐसे नौकरी देने से क्या हासिल होगा। हड़ताल से जब लोकसेवा प्रभावित होती है तो ऐसे हड़ताली कर्मचारियों के प्रति सहानुभूति कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि हम किसी हड़ताली कर्मचारी के प्रति कठोर कारवाई करने से बच रहे हैं। उनके प्रति हमारी उम्मीदें कायम हैं।
कार्यक्रम के दौरान 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, सैयद अख्तर हुसैन, मदन जायसवाल, दुर्गेश गुप्ता, गीता प्रजापति, गीता श्रीवास्तव, गीता रजक, हेमंती प्रजापति, पायल अग्रवाल, इंद्रजीत सिंह धंजल, अशफाक अलि, अनूप मेहता, प्रमोद चौधरी, चंद्र प्रकाश सिंह, आदि मौजूद थे।