सरगुजा
बिना डबरी निर्माण के ही रोजगार सहायक पर
फर्जी मास्टर रोल बना पैसा निकालने का आरोप
जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर जन चौपाल में की शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 10 सितंबर। बिना डबरी निर्माण के ही रोजगार सहायक के द्वारा फर्जी मास्टर रोल बनाकर पैसा का निकासी करने का आरोप जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने लगाया है। कलेक्टर के जन चौपाल में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण ने शिकायत की है।
कलेक्टर जन चौपाल में उपसरपंच, पंच सहित ग्रामीणों ने शिकायत करते आरोप लगाया कि लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिनकरा में रोजगार सहायक के द्वारा सखाराम आत्मज महंत राम के नाम से डबरी निर्माण स्वीकृत हुआ था। जिसकी बिना डबरी निर्माण के फर्जी मास्टर रोल बनाकर पैसा का निकासी कर लिया गया है, जबकि उसे जगह में अभी तक कोई डबरी निर्माण नहीं किया गया है।
जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी के द्वारा कलेक्टर के पास जांच कर उचित कार्रवाई करने के लिए आवेदन दिया गया है। ग्रामीण जीत नारायण राजवाड़े ने बताया कि जिस जगह में सखाराम का डबरी निर्माण दिखाया जा रहा है,वहां पर वर्तमान में अभी खेती किया गया है किसी प्रकार की भी कोई डबरी निर्माण नहीं किया गया है।
आरोप लगाया कि फर्जी मास्टर रोल भरकर लाल राजवाड़े रोजगार सहायक के द्वारा के अपने चहेतों के नाम से पैसे की निकासी करके राशि का अनियमितता किया गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से जांच कर उचित कार्रवाई करते हुए दोषी पाए जाने पर अपराध दर्ज करने की मांग की है। जन चौपाल में शिकायतकर्ता उपसरपंच फूलकुवर पंच इतवार राम ग्रामीण इतवार साय, सोमवार राम अर्जुन राजवाड़े ,आत्माराम, लखन राम, सुभाष राजवाड़े,मनु राम सहीत अन्य मौजूद थे।
रोजगार सहायक लाल राजवाड़े ने इस संबंध में बताया कि सन 2021 में सखाराम के नाम से 2.99 लाख के डबरी निर्माण स्वीकृत हुआ था, जिसका प्रथम भुगतान 25 हजार किया गया है। भुगतान के हिसाब से निर्माण कार्य कराया गया है।
जनपद सीईओ वेद प्रकाश पांडे का कहना है कि सरगुजा कलेक्टर के जन चौपाल माध्यम से डबरी निर्माण की शिकायत मिली है। निर्माण की स्थिति क्या है जांच के लिए टीम बनाई गई है।