सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,9 सितंबर। सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय एवं सक्षम सेवा संस्थान के तत्वावधान में नेत्रदान जागरूकता पखवाड़ा का आयोजन किया गया,जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में डॉ.ओमप्रकाश श्रीवास्तव की (कार्निया विशेषज्ञ) व मुख्य वक्ता के रूप में रामजी रजवाड़े (प्रचारक)उपस्थित हुए।विशिष्ट अतिथि के रुप में अरविंद मिश्र (धर्म जागरण समन्वय), ओमप्रकाश शर्मा (सहनगर सेवा प्रमुख) एवं महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए।
अरविंद मिश्र ने नेत्रदान को महादान बताया व अपनी बात को महर्षि दधीचि की कहानी के माध्यम से युवा पीढ़ी तक पहुँचा कर नेत्रदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य वक्ता राम राजवाड़े के द्वारा नेत्रदान को पुण्य का कार्य बताते हुए कहा कि जीते- जीते रक्तदान,जाते-जाते नेत्रदान,देहदान श्रेष्ठ दान व देश हमें देता हैं सब कुछ हम भी तो कुछ देना सीखे जैसे प्रेरणार्थक शब्दों से सभी को नेत्रदान करने हेतु प्रोत्साहित किया।
डॉ. ओमशंकर श्रीवास्तव के द्वारा भारत में नेत्रदान के इतिहास को विस्तार पूर्वक बताते हुए, विभिन्न प्रकार के अंधविश्वासों को दूर करने की बात कही। साथ ही अंगदान के माध्यम से अन्य व्यक्ति के नये जीवन के निर्माण की संकल्पना की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रांगण में उपस्थित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र- छात्राओं को नेत्रदान करने हेतु शपथ दिलाई गई तथा इस प्रकार नेत्रदान की महत्ता से सभी को अवगत कराया गया।