सरगुजा
डॉक्टरों ने कहा ऐसे ही चली गई होगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 सितंबर। मंगलवार को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती 5 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई। सुबह से लापता बच्ची दोपहर को अस्पताल से लगभग एक किलोमीटर दूर जयस्तंभ चौक पर मिली। अस्पताल प्रबंधन डॉक्टर रेलवानी से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने इसे आम घटना बताकर ऐसे ही बाहर निकाल कर चली गई होगी, कहकर चुप्पी साध ली।
जानकारी के मुताबिक मूलत: भैयाथान की रहने वाली 5 वर्षीय बालिका चांद को पेट में दर्द होने की शिकायत पर 4 सितंबर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, 5 सितंबर की सुबह से ही बालिका अस्पताल से गायब हो गई, जो नगर के विजय अग्रवाल एवं दीपक श्रीवास्तव को जय स्तंभ चौक के पास रोती हुई मिली।
इस बच्ची के हाथ में कैनुला भी लगा हुआ था, जिससे उन्हें अंदेशा हुआ कि ये शायद सरकारी अस्पताल से गुम हुई बच्ची है। वहां जाकर पता चला कि ये बच्ची उनके रिकार्ड में एडमिट है,पर वहां के चिकित्सक एवं स्टाफ को पता ही नहीं था कि यह बच्ची हॉस्पिटल में नहीं है।
इस बच्ची को डॉ. गिरीश पैकरा के अंडर में एडमिट किया गया था,जब यह बच्ची मिली तो उस समय डॉ. पल्लवी रेलवानी ड्यूटी पर थीं। बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे दीपक एवं विजय अग्रवाल सहित मीडिया कर्मियों ने चिकित्सकों से बात करने की कोशिश की पर उन्होंने जवाब नहीं दिया।