सरगुजा
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा अधिकृत रूप से नहीं मिली है जानकारी, पर कार्यक्रम की है खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 सितम्बर। जैसे-जैसे छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा हैं, वैसे-वैसे दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। सोमवार को सीतापुर विधानसभा में पूर्व सैनिक रामकुमार टोप्पो ने तिरंगा यात्रा निकालकर सीतापुर विधानसभा के लिए अपनी दावेदारी पेश करते नजर आए।
सूत्रों की माने तो यह यात्रा आरएसएस व विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई थी, यात्रा में सैकड़ों लोगों को बाहर से ट्रैक्टर, गाडिय़ों में भर-भरकर सीतापुर लाया गया था, क्योंकि जितनी ज्यादा संख्या, उतना अधिक शक्ति प्रदर्शन।
रामकुमार के एंट्री से भाजपा के ही दावेदारों में मची खलबली
सीतापुर विधानसभा आजादी के बाद से कांग्रेस का अभेद किला है, जिसे भाजपा अभी तक भेद नहीं पाई है, वहीं इस बार भाजपा से चार पांच प्रमुख नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन एकाएक सोमवार को बीएसएफ के एक जवान द्वारा जो अपने पद से इस्तीफा देने के बाद सीतापुर विधानसभा में हजारों लोगों के साथ शक्ति प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी पेश करना भाजपा के ही दावेदारों में खलबली मचा दी है, वहीं भाजपा संगठन ने भाजपा की ओर से दावेदारी करने को लेकर नकारा है।
क्षेत्र के कुछ लोग जहां तंज मारते हुए कह रहे हैं कि यह भाजपा के फाइनल कैंडिडेट हैं, वहीं भाजपा के मजबूत दावेदार हो सकते हैं, रामकुमार। कई लोगों के बीच यह भी अफवाहें भी उडऩे लगी थी कि ये ऊपर से बात करके आये हैं, इनका टिकट भाजपा से फाइनल हैं। रामकुमार के एंट्री से वर्षों से टिकट की दौड़ लगाने वाले भाजपा नेताओं में खलबली मची हुई है। सीतापुर विधानसभा से किसे टिकट मिलेगा और आगे क्या-क्या होगा ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
अधिकृत रूप से नहीं मिली है जानकारी- ललन प्रताप सिंह
सेना के पूर्व जवान रामकुमार द्वारा सीतापुर विधानसभा में शक्ति प्रदर्शन कर भाजपा की ओर से दावदारी पेश करने की खबर को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि सूचना मिली है कि सेना के पूर्व जवान द्वारा शक्ति प्रदर्शन कर चुनाव लडऩे के लिए देवदारी पेश किया गया है, लेकिन पार्टी से अधिकृत रूप से जानकारी मुझे नहीं मिली है और ना ही रामकुमार द्वारा मुझसे संपर्क किया गया है।