सरगुजा

भाजपा की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर हिसाब लिया जाएगा-नेताम
05-Sep-2023 8:25 PM
भाजपा की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर हिसाब लिया जाएगा-नेताम

पूर्व राज्यसभा सांसद ने कहा -आरोप पत्र को चुनाव प्रचार में भी इस्तेमाल किया जाएगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 सितंबर।
सरगुजा दौरे पर पहुंचे पूर्व राज्यसभा सांसद व रामानुजगंज से भाजपा प्रत्याशी रामविचार नेताम ने अंबिकापुर के भाजपा कार्यालय में आरोप पत्र जारी कर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर हिसाब लिया जाएगा। बहुत लोग अंदर है, बहुत लोग अंदर जाने की तैयारी में है, और जो बचे हैं, उन सबको भी भेजा जाएगा। कोई बचने वाला नहीं है, साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि आने वाला हर वर्ष भ्रष्टाचार मुक्त वर्ष होगा। वहीं उल्टा किसे लटकाने के सवाल पर श्री नेताम ने कहा कि पुलिस से ट्रेनिंग लेना पड़ेगा और पुलिस से पूछना पड़ेगा कि कैसे लटकाते हैं।

पूर्व राज्यसभा सांसद ने आगे कहा कि जिस तरह से प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, कलेक्टरों को पैसा वसूलने का मशीन बना दिया है, वहीं फर्जी तरीके से जमीन हथियाने के लिए कलेक्टर व एसडीएम को दलाल बनाकर रख दिया है और सभी दलाली करने में लगे हुए हंै। ऐसे चेहरों को भारतीय जनता पार्टी पहचान रही है, समय आने पर सबका हिसाब लिया जाएगा।

सरगुजा संभाग के मुख्यालय अंबिकापुर में भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए आरोप पत्र जारी किया है, जिसको लेकर पूर्व राज्यसभा सांसद राम विचार नेताम ने सीधे तौर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस प्रदेश में लूट और भ्रष्टाचार का गोरखधंधा चल रहा है, बेरोजगारों एवं महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। जिस तरह से शोषण और भ्रष्टाचार हो रहा है.उन सबका दस्तावेजी प्रमाण के साथ आरोप पत्र तैयार किया गया है, जिसको लेकर हम अभी से जन-जन तक पहुचाएंगे, वहीं इस आरोप पत्र को चुनाव प्रचार में भी इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ की जनता को मालूम हो सके कि इस सरकार ने जनता के साथ क्या-क्या किया है?


अन्य पोस्ट