सरगुजा
तबीयत बिगडऩे पर अस्पताल में लाया गया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 2 सितंबर। शुक्रवार को अंबिकापुर के सेंट्रल जेल से 45 लाख रुपए की चोरी करने वाला मुख्य आरोपी विचाराधीन कैदी सुरक्षाकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया। तबीयत बिगडऩे पर अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था। शनिवार को दोपहर 2 बजे समाचार लिखे जाने का पता नहीं चल पाया है।
ज्ञात हो कि पिछले दिनों अंबिकापुर शहर के देवीगंज रोड़ स्थित एक रिटायर्ड पीजी कॉलेज के प्राचार्य जेपी मिश्रा के निवास से 45 लाख रुपये की चोरी के मामले में मुख्य आरोपी था, जिसे पिछले दिनों ही चोरी के समान सहित पुलिस ने पकड़ा था।
वहीं इस संबंध में बताया जा रहा है कि चोरी के मामले में जेल में बंद राहुल सिंह उर्फ कल्लू कबाड़ी की तबियत खराब होने की बात कही, जिसके बाद जेल प्रशासन ने जेल सुरक्षा कर्मियों के साथ उसे इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। जहां पर वह मौके की तलाश करते हुए सुरक्षाकर्मी को चकमा देकर भाग निकला।
पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के पश्चात फरार कैदी की खोजबीन की जा रही है, लेकिन फरार कैदी का कोई अता-पता नहीं चल सका है।
सेंट्रल जेल अंबिकापुर के जेल अधीक्षक योगेश का कहना है कि विचाराधीन कैदी को कुछ दिन पहले ही लाया गया था, वह नशे का आदी था। उसे एल्कोहल विड्रॉल की समस्या थी। जेल चिकित्सा अधिकारी की अनुशंसा पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था। यहां सुरक्षाकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया। जेल उप अधीक्षक को प्रारंभिक जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।