सरगुजा

नशे में धुत मुक्तांजलि एंबुलेंस ड्राइवर ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत
01-Sep-2023 8:21 PM
नशे में धुत मुक्तांजलि एंबुलेंस ड्राइवर ने बाइक को मारी  टक्कर, एक की मौत

आक्रोशित लोगों ने ड्राइवर व 2 साथी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर,1 सितंबर।
प्रतापपुर थाना क्षेत्र से 500 मीटर की दूरी पर खोरमा चौक पर गुरुवार को नशे में धुत शासकीय मुक्तांजलि एंबुलेंस के चालक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं टक्कर मारने के बाद मुक्तांजलि एंबुलेंस भी पलट गई। 

इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मुक्तांजलि वाहन चालक व उसके दो दोस्तों को जमकर पीटा। ड्राइवर के साथ उसके दोनों दोस्त भी नशे में धुत थे। यही नहीं, एंबुलेंस में शराब की बोतल भी पाई गई। चालक व उसके दोस्त वाहन में शराब पीते आ रहे थे। आक्रोशित लोग एंबुलेंस में आग लगाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर मामले को शांत कराया तथा ड्राइवर व उसके 2 दोस्तों को पकडकऱ थाने ले गई। दुर्घटनाकारित वाहन अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज का बताया जा रहा है।

शासकीय मुक्तांजलि वाहन क्रमांक सीजी 04 पीबी 5101 का चालक गुरुवार को काफी तेज रफ्तार में वाहन चलाते जा रहा था। वह और वाहन में मौजूद उसके 4 साथी शराब के नशे में धुत थे। रास्ते में प्रतापपुर थाना से 500 मीटर दूर खोरमा चौक पर मुक्तांजलि चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक चालक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार धर्मजीत पिता घासीराम (32 वर्ष) ग्राम बरौल, प्रतापपुर की गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टक्कर मारने के बाद मुक्तांजलि एंबुलेंस  भी अनियंत्रित होकर पलट गई।

इस हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। इधर मुक्तांजलि वाहन में सवार चालक के 2 दोस्त मौके से फरार हो गए। शेष 3 पकड़े गए। तीनों को नशे में धुत पाने तथा वाहन में शराब की बोतल मिलने पर लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने वाहन चालक व उसके 2 दोस्तों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

वाहन में आग लगाने की थी तैयारी
दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ इतनी आक्रोशित हो गई कि मुक्तांजलि एंबुलेंस में आग लगाने की तैयारी थी। इसी बीच सूचना पर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे प्रतापपुर थाना प्रभारी किशोर केरकेट्टा ने आक्रोशित लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने जांच कर शव को पीएम हेतु अस्पताल भेजा। मुक्तांजलि वाहन अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज का बताया है।

चालक गिरफ्तार, 2 दोस्त भी हिरासत में
थाना प्रभारी किशोर केरकेट्टा ने बताया कि चालक सोहर उम्र 24 वर्ष निवासी सरहरी, राधे उम्र 24 वर्ष निवासी सरहरी, निशांत  उम्र 20 वर्ष निवासी सरहरी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।

चालक पर धारा 304 ए, 36 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने व शराब खोरी किए जाने का दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।


अन्य पोस्ट