सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी,अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि केंद्र की मोदी सरकार 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले और लोकसभा चुनाव से 8 महीने पहले गैस सिलेंडर के दाम घटाकर देश की बहनों के जीवन को आसान करने की बात कही जा रही है। पिछले चार साल और चार महीने में किसी भाई ने बहन कीं तकलीफों के बारे में नहीं सोचा।
मोदी सरकार की प्रत्येक जनविरोधी नीति जनता को याद है, बढ़ती हुई महंगाई का दंश 9 सालों तक इस जनता ने झेला है। 9 सालों तक आप विदेश दौरों पर रहे, जनता से भेंट करने का समय नहीं रहा। आज आप हिंदुस्तान की जनता को स्नेहभेंट देना चाहते हैं।
मोदी जी समझ चुके हैं कि चार राज्यों में होने वाले चुनाव में उनकी हार निश्चित है एवं लोकसभा में भी गठबंधन से भी उन्हें पटकनी खानी पड़ेगी।
आपने 9 सालों में इस हिंदुस्तान को सिर्फ वादे दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरे देश में बुरी तरह से असफल हुई है और अब मोदी जी अपनी नाकामियों एवं असफलता को 200 रुपए की सब्सिडी से ढकना चाह रहे हैं।