सरगुजा

कांग्रेस सरकार अब जनता के मन से उतर चुकी, अंतर से बीजेपी जीतेगी- सिन्हा
29-Aug-2023 7:28 PM
कांग्रेस सरकार अब जनता के मन से उतर चुकी, अंतर से बीजेपी जीतेगी- सिन्हा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 अगस्त।
विगत 8 दिनों से अंबिकापुर विधानसभा में बिंदुवार संगठनात्मक कार्य कर रहे झारखंड धनबाद भाजपा विधायक राज सिन्हा ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने 36 वायदे किए थे, परंतु उनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया। क्षेत्र में जो भी विकास कार्य हुए हैं, वह रमन सरकार के कार्यकाल में हुए हैं। 

उन्होंने कहा कि आठ दिनों से वह अंबिकापुर विधानसभा में समाज के हर वर्ग से मिले और उनसे बातचीत की। व्यवसायी, डॉक्टर, धार्मिक संस्थाओं, वृद्धाश्रम, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी केंद्र के साथ-साथ हुए भाजपा के कार्यकर्ताओं से भी मिले। सभी ने यह कहा कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार झूठी सरकार है। 

श्री सिन्हा ने कहा कि ऐसा कोई वर्ग नहीं जिसे कांग्रेस सरकार ने ठगा ना हो। स्थानीय विधायक को लेकर उन्होंने कहा कि अंबिकापुर के विधायक को मुख्यमंत्री के रूप में देखने के लिए उन्हें वोट दिया गया था, लेकिन अब लोग अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। इस बार जनता सचेत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरगुजा में विकास का काम पूरी तरह से ठप है और भ्रष्टाचार चरम पर है। 

शहर ही नहीं किसी पंचायत में भी पैसा नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक के बीच खींचतान से क्षेत्र की उपेक्षा हो रही है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार केंद्र की योजनाओं को नाकाम करने में लगी हुई है। चाहे वह जल जीवन अमृत मिशन योजना हो या फिर आवास योजना। यहां सारी योजनाएं फेल हैं।

प्रदेश सरकार को विकास के कार्यों से कोई लेना-देना नहीं। कांग्रेस सरकार अब जनता के मन से उतर चुकी है। श्री सिन्हा ने दावा किया कि बड़े अंतर से बीजेपी जीतेगी। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, अनिल सिंह मेजर,अखिलेश सोनी, भारत सिंह सिसोदिया, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे।


अन्य पोस्ट