सरगुजा
2 गिरफ्तार, 1 लाख नगदी सहित 45 लाख का सामान जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,27 अगस्त। घर से नगदी एवं सोना-चांदी के आभूषण की चोरी के मामले में सरगुजा पुलिस ने 2 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन दिन जागकर कोतवाली एवं पुलिस की विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह बात भी सामने आ रही है कि आरोपी नशे के आदी थे। चोरी के बाद वे लोग नशे का इंजेक्शन खरीदने भी गए थे। इसी चक्कर में आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गए। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध कई आपराधिक प्रकरण जिला सरगुजा एवं जिला सूरजपुर में दर्ज है।
आरोपियों के कब्जे से 109600 रुपये नगद, 6 सोने का बिस्किट, 1 जोड़ी सोने का कंगन, सोने की चूड़ी, सोने का एक हार, सोने की चैन,सोने का मांगटिका , सोने की अंगूठी ,चांदी की करधन, चांदी के 7 सिक्के, सीसीटीवी का डीवीआर कुल कीमती लगभग 45 लाख का सामान जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल साहू उफऱ् कल्लू कबाड़ी जिला सूरजपुर का निगरानीशुदा बदमाश हैं।
मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली थाने में एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि नगर के विजय मार्ग निवासी गोविन्द प्रसाद मिश्रा (74 वर्ष) ने 22 अगस्त को थाना कोतवाली आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे वर्तमान में अपने इलाज हेतु बिलासपुर गये हुए थे। 21 अगस्त को उनके पड़ोसी द्वारा घर का मुख्य दरवाजा खुला होने की सूचना दी थी, जिस पर उनके द्वारा अपने घर जाकर देखने पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मकान के गेट का मुख्य ताला तोडक़र मकान के अंदर घुसकर नगद, सोने एवं चांदी के आभूषण, सोने के बिस्किट, चांदी के सिक्के, सीसीटीवी का डीवीआर आदि समान चोरी कर ले जाने का पता चला। रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने धारा 457,380 भा.द.वि.का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी सहायता से संदेहियों की पहचान कर धरपकड़ हेतु मुखबिर तैनात किये गए थे।
पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले के 2 संदेहियों की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई। संदेहियों द्वारा अपना नाम राहुल पैकरा (23 वर्ष) लहपटरा लखनपुर हाल मुकाम गुदरी रोड अम्बिकापुर व राहुल साहू उफऱ् कल्लू कबाड़ी (26 वर्ष) साहू गली सूरजपुर जिला सूरजपुर का होना बताये।
आरोपियों से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ करने पर बताये कि मकान में किसी व्यक्ति के न होने की अंदेशा पर घटना दिनांक से 2-3 दिन पूर्व उक्त मकान की रेकी कर 19 अगस्त की देर रात घर के अंदर घुसकर मुख्य ताला तोडक़र चोरी की। आरोपियों द्वारा घर से सोने-चांदी के आभूषण सहित नगद चोरी करना स्वीकार किया गया। आरोपियों द्वारा चोरी की घटना कारित किया जाना स्वीकार किये जाने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।