सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 अगस्त। पीजी कॉलेज में कक्षाएं सुचारू रूप से लगवाने आजाद सेवा संघ छात्र मोर्चा ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
आजाद सेवा संघ छात्र मोर्चा का कहना है कि सरगुजा संभाग के सबसे बड़े महाविद्यालय राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सत्र 2023-24 की प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है, जिसके पश्चात नवप्रवेशित छात्रों की सम्पूर्ण विषयों की कक्षाएं समय पर नहीं लग रही हैं, जिससे छात्र-छात्राएं परेशान हो रहे हैं। वहीं महाविद्यालय में यू.जी 5वें सेमेस्टर की अन्य कक्षाएं भी शुरू नहीं हुई हैं, जिससे सत्र काफी पीछे होने का डर है एवं विद्यार्थियों का कहना है कि ऐसे में पाठ्यक्रम यदि पूरा नहीं होगा तो जल्द ही सेमेस्टर की परीक्षाएं नजदीक आ जाएगी एवं पूर्ण रूप से तैयारी नहीं होगा तो परिणाम पर असर पड़ेगा।
राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अब स्वशासी हो चुका है, जहां दिसम्बर एवं जून में सेमेस्टर प्रणाली में परीक्षाएं आयोजित होती हैं, उसके पूर्व दो आंतरिक मूल्यांकन टेस्ट आयोजित होते हैं जिनका नम्बर मुख्य परीक्षा में जुड़ता है। सेमेस्टर नियम लागू होने के साथ इस सत्र से पूर्ण रूप से नई शिक्षा नीति के आधार पर पाठ्यक्रम छात्रों के विषय मे शामिल है। जिसको देखते हुए विद्यार्थी अपनी पढ़ाई को लेकर काफी चिंतित है एवं उनकी मांग है कि कक्षाएं पूर्ण रूप से सुचारू और व्यवस्थित तरीके से लगाई जाए।
जिसको देखते हुए गैर राजनीतिक दल आजाद सेवा संघ छात्र मोर्चा द्वारा महाविद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर कक्षाएं जल्द लगवाने की मांग की गई, जिससे कि छात्र समय पर पाठ्यक्रम कर परीक्षा बिना किसी रुकावट के दे सकें। जिस पर प्राचार्य द्वारा आश्वासन देते हुए जल्द छात्रों की कक्षाएं लगवाने की बात कही गई।
इस दौरान संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा, संघ छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, संजय बड़ा एवं अन्य संघ के सदस्य उपस्थित रहे।