सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 अगस्त। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड के हॉकी स्टेडियम में सीएम के युवाओं से भेंट मुलाकात कार्यक्रम में शामिल होने आए एक छात्र की कालीघाट के पास हुए सडक़ हादसे में मौके पर ही मौत हो गई, वहीं चार घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों को प्रशासन द्वारा रायपुर इलाज के लिए भेजा गया है।
ज्ञात हो कि मंगलवार को सीएम का सरगुजा संभाग के युवाओं से भेंट मुलाकात कार्यक्रम का आयोजन किया गया था,जिसमें हजारों की संख्या युवा पहुंचे हुए थे। इस दौरान कार्यक्रम खत्म होने के बाद स्कूटी सवार दो युवा अपने घर बिश्रामपुर जा रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीघाट के पास स्कूटी और बाइक में भिड़ंत हो गई, जिसमें युवा संवाद में अपनी प्रस्तुति देने वाले छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
सूरजपुर जिले के अंतर्गत कालीघाट क्षेत्र में मंगलवार को हुई दुर्घटना के घायल छात्रों को जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर लाया गया एवं प्रशासन द्वारा उनके इलाज की समुचित व्यवस्था की गई।
एसडीएम अम्बिकापुर ने बताया कि यह दुर्घटना बेहद दुखद है, दुर्घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा तत्परता से काम किया गया।
घटना उपरांत तत्काल घायलों को नजदीकी जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर लाया गया। जानकारी मिलते ही प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रों के इलाज की तुरंत व्यवस्था की गई।
उन्होंने बताया कि दो बाइक के बीच आपस में भिडं़त होने से दुर्घटना हुई।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन तत्काल जिला अस्पताल पहुंचा, बच्चों के इलाज की तुरंत व्यवस्था की गई। घायल युवाओं में से दो को रायपुर रिफर कर इलाज हेतु रवाना किया गया है। एक की स्थिति ठीक है, जिसे उनके परिजन के द्वारा दूसरे निजी अस्पताल में ले जाया गया है। एक युवा की मृत्यु होने पर, नियमानुसार सहायता राशि प्रदान की गई है। प्रशासन द्वारा मदद का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इसमें तीन युवा बलरामपुर तथा दो युवा सूरजपुर जिले के थे, कुछ युवा हॉकी स्टेडियम, पीजी कॉलेज ग्राउंड में हुए कार्यक्रम में अपनी सुविधा से आए थे। कार्यक्रम में आने-जाने हेतु प्रशासन द्वारा प्रत्येक जिले के लिए वाहन की व्यवस्था की गई थी, वाहन प्रभारी बनाए गए थे, बच्चों के लिए समस्त व्यवस्था की गई थी। जिससे उन्हें किसी तरह की समस्या ना हो। इस दुखद दुर्घटना में प्रशासन द्वारा घायलों एवं परिजनों की मदद हेतु जिला प्रशासन द्वारा ततपरता से कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरगुजा संभाग अंतर्गत कालीघाट क्षेत्र में बाइक की आपसी भिंड़त के कारण हुई दुर्घटना में एक छात्र के निधन पर शोक जताते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस दुखद घटना में मृत छात्र एवं आईसीयू में भर्ती छात्रों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। शेष दो छात्रों के समुचित इलाज हेतु सरगुजा जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है।, साथ ही उन्होंने 1-1 लाख रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की है।