सरगुजा
भटगांव विधानसभा के लिए शफी अहमद ने की दावेदारी पेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 अगस्त। विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस में दावेदारों की लंबी कतार है। एकमात्र अनारक्षित सीट अम्बिकापुर से लगभग 100 दावेदारों ने टिकट के लिए आवेदन दिया है। सीतापुर से 15 और लुंड्रा से कुल 8 आवेदन संबंधित ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को प्राप्त हुआ है। भटगांव विधानसभा के लिए एकमात्र आवेदन श्रम कल्याण मण्डल अध्यक्ष शफ़ी अहमद ने अम्बिकापुर ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष को सौंपा।
विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों के माध्यम से दावेदारों आवेदन देने कहा था। मंगलवार को अंतिम दिन तक हाईप्रोफाइल अम्बिकापुर सीट से वर्तमान विधायक व उपमुख्यमंत्री मंत्री टीएस सिंह देव सहित करीब 100 लोगों ने आवेदन जमा किया। जिला कांग्रेस कार्यलय राजीव भवन में आवेदन करने वालों की भारी भीड़ थी।
समाचार लिखे जाने तक प्राप्त आवेदनों का सारणीकरण किया जा रहा था। आवेदनों की अंतिम संख्या देर शाम तक सामने आएगी। यह दर्शाता है कि कांग्रेस अम्बिकापुर में बेहद मजबूत स्थिति में है।
खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के निर्वाचन क्षेत्र सीतापुर में 15 और मैनपाट में 10 लोगों ने टिकट के लिए दावेदारी की है। ज्यादातर दावेदारों ने विधान सभा के सभी ब्लाकों में फार्म जमा किया है। इनमें वर्तमान विधायक एवं मंत्री अमरजीत भगत वरिष्ठ आदिवासी नेता फूल साय लकड़ा, प्रोफेशनल कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेमंती प्रजापति शामिल हैं।
लुंड्रा विधानसभा के लिए 8 लोगों ने आवेदन पत्र जमा किया। लुंड्रा से सीजीएमएससी अध्यक्ष व वर्तमान विधायक डॉ. प्रीतम राम,जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह,गंगाराम पैकरा ,पौलुष कुजूर प्रमुख हैं। भटगांव विधान सभा का कुछ क्षेत्र अम्बिकापुर ग्रामीण ब्लॉक का आता है।भटगांव विधानसभा के लिए यहां से शफ़ी अहमद ने ब्लॉक अध्यक्ष विनयशर्मा के पास जमा किया है।
शफ़ी अहमद ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है और सभी को अपनी दावेदारी पेश करने का अधिकार है,वह भटगांव विधानसभा में कई वर्षों से मेहनत कर रहे हैं पार्टी अगर उन्हें मौका देगी तो वह उस पर खरे उतरेंगे।
अजय बंसल और राजू बाबरा ने पेश की अम्बिकापुर से दावेदारी
अम्बिकापुर विधानसभा सीट से खाद्य एवं संस्कृति मंत्री के करीबी एवं खाद्य आयोग के अध्यक्ष राजू बाबरा सहित अपेक्स बैंक के संचालक अजय बंसल ने अपनी दावेदारी पेश की है। मुख्यमंत्री भूपेश के करीबी माने जाने वाले अजय बंसल प्रदेश कांग्रेस में सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष भी हैं।अजय बंसल का कहना है कि पार्टी में लोकतंत्र है हर किसी को टिकट मांगने का अधिकार है।