सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 अगस्त। अम्बिकापुर का चौपाटी अब चकाचक होगा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के व्यक्तिगत प्रयास से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से एक करोड़ रूपये की राशि नगर पालिक निगम को इस कार्य हेतु प्रस्तावित किया गया है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष के प्रयास पर उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से एक करोड़ रुपये इस कार्य हेतु उपलब्ध कराया है। चौपाटी में कार्यों को प्रारंभ करने एवं उसकी कार्ययोजना बनाने के लिये आज जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव एवं महापौर डॉ. अजय तिर्की ने चौपाटी का दौरा किया।
आदित्येश्वर शरण सिंहदेव की व्यक्तिगत रुचि चौपाटी के उन्नयन की रही है। वो कई बार चौपाटी का दौरा करके वहां की कमियों का आंकलन कर चुके थे। इस आधार पर उन्होंने चौपाटी के उन्नयन की प्राथमिकताएं तय की थी।
उन्होंने जानकारी दी है कि इस एक करोड़ की राशि से चौपाटी में मॉड्युलर गुमटियों का निर्माण किया जायेगा, फ्लोरिंग में सुधार किया जायेगा। अंदरुनी और बाहरी ड्रेनेज सिस्टम में सुधार एवं अवशिष्ट निपटारा तंत्र स्थापित होगा। दुकानों में वाटर सप्लाई की सुविधा रहेगी। महापौर अजय तिर्की ने कहा कि चौपाटी के उन्नयन एवं सफाई व्यवस्था को कार्यान्वित करने के लिये ड्राईंग डिजाईन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस पूरे काम को शीघ्रता से पूर्ण करने के लिये नगर निगम तत्पर है। इस दौरान विवेक सिंह, शुभम जायसवाल, मिथुन सिंह सहित नगर निगम का अमला भी वहां पर मौजूद था।