सरगुजा

खराब सडक़ को लेकर ग्रामीणों ने रोका लुंड्रा विधायक का काफिला
20-Aug-2023 8:43 PM
खराब सडक़ को लेकर ग्रामीणों ने रोका लुंड्रा विधायक का काफिला

  विस चुनाव का बहिष्कार करने दी चेतावनी  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 20 अगस्त।
सडक़ नहीं बनाने को लेकर ग्रामीणों ने लुंड्रा विधायक का काफिला रोक दिया और जमकर हंगामा किया।

दरअसल, लुंड्रा विधायक डॉ. प्रीतम राम अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर निकले हुए थे। इस दौरान लखनपुर के नवापारा से कुन्नी तक प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ जर्जर होने को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सडक़ पर मिट्टी डालकर लुंड्रा विधायक डॉ. प्रीतम राम का काफिला रोक दिया और ग्रामीण उनके काफिले के सामने विरोध प्रदर्शन करने लगे।

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सडक़ बनाने की मांग करते आ रहे हैं। बावजूद इसके आज तक सडक़ का निर्माण नहीं हो सका है।

वहीं काफिले को करीब 2 घंटे से अधिक समय रोकने के बाद विधायक ने अधिकारियों से बात कर 10 दिनों में सडक़ मरम्मत कार्य किए जाने का आश्वासन दिया है, इधर ग्रामीणों ने सडक़ निर्माण नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी है।

अधिकारियों से की है बात, जल्द होगा सुधार-विधायक
विधायक लुंड्रा डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि मैं दूरस्थ ग्राम अरगोती, कुन्नी मांझा सहित अन्य ग्राम के जनसंपर्क में था। कुन्नी रोड कुछ दिनों से जर्जर है। लंबे समय से मै उक्त सडक़ को लेकर पहल कर रहा हूं। लोक निर्माण विभाग व ग्रामीण सडक़ विभाग के बीच सडक़ों के हस्तांतरण के कारण विलंब हो रहा है। इसी कारण से यह समस्या है। 

ग्रामीणों ने कुछ प्रतिक्रिया जरूर व्यक्त की। मेरे द्वारा तत्काल कलेक्टर पीडी हुआ अन्य अधिकारियों से बात की गई 10 दिनों के अंदर गड्ढे को पाटने का काम किया जाएगा। बरसात के बाद उक्त मार्ग पर डामरीकरण भी होगा।


अन्य पोस्ट