सरगुजा
माँ महामाया के दर्शन कर लुण्ड्रा भाजपा प्रत्याशी ने शुरू किया जनसंपर्क
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,19 अगस्त। भाजपा ने सरगुजा जिले के लुंड्रा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी प्रबोध मिंज को टिकट दिए जाने के बाद से विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में भाजपा से टिकट मिलने के बाद प्रबोध मिंज ने पहली बार मां महामाया मंदिर दर्शन करने पहुंचे और प्रचार प्रसार तेजी से प्रारंभ कर दिया है।
प्रबोध ने भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, बीजेपी वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, लुण्ड्रा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह, धौरपुर मंडल अध्यक्ष वैभव सिंह, कून्नी मंडल अध्यक्ष चंद्रिका यादव तथा दरिमा मंडल अध्यक्ष गुरुशरण सिंह की उपस्थिति में मां महामाया के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझे कमल फूल का प्रत्याशी बनाया है, अब पूरे लुण्ड्रा विधानसभा में कमल खिलाने का समय आ गया है। जनता कॉंग्रेस सरकार के कुशासन से मुक्ति चाहती है, पूरे भाजपा कार्यकर्ता मिलकर जी जान से चुनाव में भिड़ जाएं।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री विजय व्यापारी, भाजयुमो जिला अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष नकुल सोनकर, अकील साय मरावी, सुरेंद्र विश्वकर्मा, अंकित जयसवाल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
गौरतलब है कि लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जिसमें गोड़ समाज, कंवर समाज सहित उरांव समाज अहम भूमिका निभाते हंै। इसी को साधने के लिए भाजपा प्रत्याशी प्रबोध मिंज ने आज सबसे पहले मां महामाया मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर निकल गए हैं।
प्रबोध ने कहा कि मौजूदा विधायक के द्वारा अब तक इस क्षेत्र में विकास कोसों दूर है, जिसको लेकर जनता के बीच जाएंगे और आगामी समय में जो भी समस्या होगी, उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही रोजगार हमारे लिए सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा और युवाओं को रोजगार सहित किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज स्थापना की बात कही है।