सरगुजा

हत्या का आरोपी 24 घंटे के भीतर झारखण्ड से गिरफ्तार
19-Aug-2023 10:01 PM
हत्या का आरोपी 24 घंटे के भीतर झारखण्ड से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,19 अगस्त। कंपनी बाजार अंबिकापुर में हुए हत्या के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर रंका झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक से वाद विवाद होने पर क्षणिक आवेश में आकर आरोपी द्वारा हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपी के निशानदेही पर पीकप वाहन को भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी हीरा प्रसाद गुप्ता (47) मेराल पुरब टोला झारखण्ड ने थाना कोतवाली आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 अगस्त को प्रार्थी के बेटे धमेन्द्र गुप्ता को कंपनी बाजार अम्बिकापुर में अजीत यादव द्वारा हाथ मुक्का से मारपीट कर गंभीर चोट कारित किया गया, जिससे धमेन्द्र मौक़े पर बेहोश हो गया और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर द्वारा  धर्मेन्द्र गुप्ता की मौत हो जाना बताया गया हैं। पुलिस द्वारा हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले में सरगुजा पुलिस ने परिजनों एवं घटनास्थल के पास मौजूद लोगों के बयान दर्ज किये एवं मामले के आरोपी के संबंध में तकनीकी जानकारी प्राप्त कर आरोपी की गिरफ़्तारी हेतु संयुक्त पुलिस को रंका जिला गढ़वा भेजा था।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई। आरोपी द्वारा अपना नाम अजीत कुमार यादव उफऱ् ह्रदय यादव (20) हुरदाग थाना रंका जिला गढ़वा झारखण्ड का होना बताया।

आरोपी से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ करने पर मृतक धर्मेन्द्र गुप्ता से वाद विवाद होने पर क्षणिक आवेश में आकर हाथ मुक्का से मारपीट कर गंभीर चोट कारित कर हत्या कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आरोपी के निशानदेही पर पीकप वाहन बरामद किया गया है।


अन्य पोस्ट