सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,18 अगस्त। शहर के कंपनी बाजार में गुरुवार की शाम झारखंड के दो पिकअप चालक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। एक पिकअप चालक ने दूसरे गर्दन पर फाइट से मार दिया। इससे वह अचेत होकर गिर गया। इससे हड़बड़ाए मारने वाले पिकअप चालक ने उसे मिशन अस्पताल ले गया। यहां चिकित्सकों ने उसे जांच कर मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।
जानकारी के अनुसार झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल निवासी 21 वर्षीय धर्मेन्द्र गुप्ता व रंका थाना क्षेत्र के ग्राम हुरदाग निवासी अजीत यादव दोनों पिकअप चलाने का काम करते हैं। गुरुवार को दोनों अंबिकापुर कंपनी बाजार सब्जी लोड करने अपने-अपने पिकअप से आए थे।
शाम को करीब चार बजे वाहन में सब्जी लोड हो रहा था, तभी किसी बात को लेकर धर्मेद्र व अजीत आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच हाथ-मुक्के से मारपीट होने लगी। इस दौरान अजीत ने धर्मेन्द्र के गर्दन पर दो से तीन फाइट मार दिया। गर्दन पर चोट लगने से धर्मेद्र बहोश हो गया। इससे अजीत डर गया और अन्य लोगों की मदद से उसे तत्काल निजी वाहन से इलाज के लिए मिशन अस्पताल ले गया। यहां जांच कर चिकित्सकों ने धर्मेद्र को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों द्वारा धर्मेद्र को मृत घोषित करते ही आरोपी अस्पताल से ही फरार हो गया। इधर सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी मृतक के परिजन को दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।