सरगुजा

उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने किया ध्वजारोहण
16-Aug-2023 8:50 PM
उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने किया ध्वजारोहण

बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 16 अगस्त। जिले में स्वतंत्रता दिवस गरिमामय ढंग से पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। पुलिस ग्राउंड अम्बिकापुर में आयोजित मुख्य समारोह में उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

उन्होंने कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं परेड कमांडर के साथ सुसज्जित वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री सिंहदेव ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।

शहीदों के परिजनों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री सिंहदेव ने शहीद जवानों के परिवारजनों से मिलकर उनको शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसनीय कार्य के लिए सम्मानित किया एवं शुभकामनाएं दी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह परेड का नेतृत्व परेड कमांडर शुभम तिवारी ने किया। परेड में जिला पुलिस बल, अर्धसैनिक बल, एनसीसी और स्काउट गाईड के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम में स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, नागरिकगणों ने खूब सराहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति के उपरांत पुरस्कार वितरण किया गया।

मुख्य अतिथि श्री सिंहदेव ने समारोह में गौठान बटवाही के गौठान प्रबंधन समिति अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव को गोधन न्याय योजना रीपा गतिविधियों एवं गोमूत्र उत्पादन तथा विक्रय के सफल क्रियान्वयन हेतु 25 हजार रूपए की पुरस्कार राशि का चेक एवं प्रशस्ती पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 173 अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया, जिसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अम्बिकापुर की छात्राओं द्वारा शासकीय योजनाओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुति को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके साथ ही कन्या शिक्षा परिसर की प्रस्तुति को द्वितीय तथा सरस्वती शिशु मंदिर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर सीजीएमएससी अध्यक्ष एवं लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम, छत्तीसगढ़ स्थानीय आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा एवं वनौषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, महापौर डॉ अजय तिर्की, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मधु सिंह, उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, सरगुजा संभागायुक्त श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, आईजी अंकित गर्ग, सीसीएफ नवीद शुजाउद्दीन, जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता,  द्वितेन्द्र मिश्रा आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट