सरगुजा

युवक ने कैंची से हमला कर युवती को किया लहूलुहान, गंभीर
13-Aug-2023 8:19 PM
युवक ने कैंची से हमला कर युवती को किया लहूलुहान, गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली,13 अगस्त।
बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुवारपारा निवासी 22 वर्षीय संतोषी कोरवा शुक्रवार की शाम लगभग 7 बजे अपने घर में खाना बना रही थी। इसी बीच गांव का ही विनोद कोरवा उर्फ गोलू  उम्र 19 वर्ष उसके घर पहुंच कर संतोषी को ढूंढने लगा।

फिर घर के आंगन में बैठी संतोषी के पास पहुंचा और बोला कि तुमलोगों ने मुझे जेल क्यों भेजा? यह कहते हुए विवाद करने लगा। इस दौरान संतोषी ने बगल में रहने वाली चाची को भी बुला लिया, जबकि घर में पहले से संतोषी की मां, बहन व भाई मौजूद था।

सबके सामने विनोद विवाद करने लगा और बाल पकडक़र संतोषी को जमीन में पटक दिया। जब संतोषी खड़ी हुई तो आरोपी युवक ने कैंची से उसके पीठ और दाहिने हाथ के नीचे सीने के पास हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया भर्ती
गंभीर रूप से घायल युवती को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उसका इलाज जारी है। वहीं बतौली पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

इस मामले में गया था जेल
परिजन ने बताया कि आरोपी विनोद ने एक महीने पहले भी रॉड से वार कर संतोषी को मारने की कोशिश की थी। इस मामले में रिपोर्ट के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया था। विनोद शराबी प्रवृत्ति का है, वह युवती को उससे बात करने के लिए हमेशा परेशान करता था।


अन्य पोस्ट