सरगुजा

नगर में गहराए पेयजल संकट पर विपक्ष ने सत्ता पक्ष से पूछे सवाल
11-Aug-2023 7:51 PM
नगर में गहराए पेयजल संकट पर विपक्ष ने सत्ता पक्ष से पूछे सवाल

सरकारी जमीन आबंटन की प्रक्रिया में लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,11 अगस्त।
शुक्रवार को आयोजित नगर निगम के सामान्य सभा की बैठक में विपक्ष ने शहर में गहराए पेयजल संकट को लेकर सत्ता पक्ष से कई सवाल पूछे तथा इस गंभीर मुद्दे पर विपक्ष से कोई रायशुमारी ना करने पर नाराजगी जताई। वहीं शहर में चल रहे निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार तथा 152 प्रतिशत की दर पर शासकीय भूमि के आबंटन का मुद्दा भी उठाया तथा इसमें भी जमकर सेटिंग होने तथा भारी पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए इसके जांच की मांग की।

आज दोपहर 12 बजे के करीब जैसे ही सामान्य सभा की बैठक प्रारंभ हुई सभापति द्वारा सभी से नगर निगम के नव पदस्थ आयुक्त आईएएस अभिषेक कुमार का सभी से परिचय कराया गया जिसके बाद पक्ष व विपक्ष के पार्षदों द्वारा उनका स्वागत किया गया। बैठक प्रारंभ होते ही नेता विपक्ष प्रबोध मिंज द्वारा नगर में गहराए गंभीर पेयजल के संकट का मुद्दा उठाया गया तथा कहा गया कि इसपर चर्चा के लिए नियमानुसार विषेश सम्मेलन आहूत करने के लिए दो तिहाई पार्षदों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र देने के बाद भी सम्मेलन नहीं बुलाया गया। वहीं आज की बैठक में भी इस महत्वपूर्ण मुद्दे को चर्चा के लिए 20 वें नम्बर पर रखने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।

श्री मिंज ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विषय पर विपक्ष के कहने पर भी सम्मेलन बुलाना तो दूर विपक्ष से सत्तापक्ष ने सामान्य चर्चा करना भी आवश्यक नहीं समझा। अभी तक बांकी बांध में पानी की कमी बनी हुई है नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए अमृत मिशन के तहत पाईपलाईन बिछाने वाली कंपनी भी अपना काम समेटकर चली गई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पेयजल संकट से निपटने के लिए केन्द्र सरकार से मिली 106 करोड़ की राशि का नगर में सदुपयोग नहीं किया गया।

इसके बाद प्रश्नकाल प्रारंभ हुआ। प्रश्नकाल के लिए कुल 20 प्रश्न पार्षदों ने लगाया था जिनमें से ज्यादातर लोक निर्माण विभाग से संबंधित थे। प्रश्नकाल के बीच में ही ईरिक्शा व ट्राईसाईकिल की मरम्मत राशि को लेकर भी विपक्ष ने सवाल उठाया और वार्डों में होने वाले विकासकार्यों के लिए राशि आबंटन में भेदभाव व आधा अधूरा निर्माण किये जाने का आरोप लगाया तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता जताई। इस पर सत्ता पक्ष ने भेदभाव के आरोप को खारिज करते हुए निर्माण कार्यों के लिए निविदा बुलाने पर ठेकेदारों द्वारा काम लेकर प्रारंभ नहीं करने तथा आधा में ही काम छोड़ देने की जानकारी दी।

विपक्ष द्वारा नगर में 152 प्रतिशत की दर पर सरकारी जमीन के आबंटन में भारी भ्रष्टाचार व सेटिंग होने का आरोप भी लगाया गया। जिसपर विधायक प्रतिनिधि अरविंद सिंह गप्पू ने कहा कि आपत्ति को लिखकर निगम में देना चाहिए। इस आरोप पर पक्ष विपक्ष में थोड़ी तल्खी भी दिखी। वहीं सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर विगत दिनों विधायक प्रतिनिधी व आयुक्त में हुई तनातनी को लेकर उठे सवाल पर महापौर डॉ0 अजय तिर्की ने कहा कि उक्त भूमि नजूल रिकार्ड में भूमि स्वामी के नाम दर्ज है जबकि राजस्व रिकार्ड में त्रुटि के कारण दर्ज नहीं हो पाया है। 

कुछ अन्य सामान्य चर्चाओं के बाद भोजनावकाश हो गया जिसके उपरांत समाचार लिखे जाने तक बैठक जारी थी।

आरोप प्रमाणित नहीं हुए तो दे दूंगा इस्तीफा
आज की बैठक में भाजपा पार्षद आलोक दूबे ने सरकारी भूमि को 152 प्रतिशत की दर पर देने की योजना के तहत 1578 लोगों के आवेदन होने व लगभग सभी को निगम द्वारा एनओसी देने का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि इन आवेदनकर्ताओं में से 20 प्रतिशत ही सही कब्जाधारी हैं शेष 80 प्रतिशत लोग सरकारी जमीन हड़पने के लिए सक्रिय हैं जिनमें से ज्यादातर भूमि दलाल हैं। उन्होंने सदन में इस मामले की जांच की मांग की तथा घोषणा की कि यदि उनका आरोप गलत निकला तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। इस मुद्दे पर सभापति अजय अग्रवाल ने जांच के लिए प्रशासन को पत्र लिखने की बात कही।


अन्य पोस्ट