सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 अगस्त। शहर के गांधी नगर क्षेत्र में मंगलवार की सुबह दो मासूम बच्ची को लेकर जा रहे बाइक सवार के ऊपर अचानक बिजली का हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और एक दीवार से जा टकराई। बाइक में सवार दो मासूम सहित युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। 112 की मदद से तीनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। घटना गांधीनगर क्षेत्र के कमोदा बिहार मार्ग पर हुई।
जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना क्षेत्र के डिगमा क्षेत्र निवासी आनंद कुमार मंगलवार की सुबह 10.30 बजे अपनी दो मासूम बच्चियों को लेकर बनारस रोड की ओर आया था। वहां से वापस आने के दौरान कमोदा विहार वाले मार्ग पर प्रिंसेस कॉटेज से 100 मीटर दूरी पर अचानक मोटरसाइकिल सवार आनंद के ऊपर बिजली का हाईटेंशन तार टूट कर गिर पड़ा।
हड़बड़ाए मोटरसाइकिल सवार का बाइक से नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार बाइक सडक़ किनारे दीवार से टकराकर नाली में जा गिरी। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के बाद काफी देर तक टूटे विद्युत तार से चिंगारी निकलती रही।
इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चला रहे आनंद सहित दोनों मासूम बच्चियां घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल मौके पर 112 वाहन पहुंची और तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। आनंद कुमार और उसकी लगभग 2 वर्ष की सबसे छोटी बच्ची को गंभीर चोट आई है। दूसरी बच्ची उम्र लगभग 3 वर्ष को मामूली चोटें पहुंची है।
नहीं छू रहा था कोई, दो युवकों ने दिखाई मानवता
घटना के बाद लहूलुहान अचेत पड़े व्यक्ति और दो मासूम की हालत को देखते हुए भी कई लोग वहां सिर्फ मूकदर्शक बने खड़े हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय निवासी अमित गुप्ता एवं प्रवीण ठाकुर ने तत्काल घायलों को उठाया और उन्हें 112 वाहन में सवार करके खुद भी अस्पताल पहुंचे।