सरगुजा

भूपेश सरकार आदिवासियों की संस्कृति व धरोहर को सहेजने कर रही भरपूर प्रयास- अमरजीत
08-Aug-2023 8:02 PM
भूपेश सरकार आदिवासियों की संस्कृति व धरोहर को सहेजने कर रही भरपूर प्रयास- अमरजीत

विश्व आदिवासी दिवस पर सीएम, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी, प्रदेशाध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 अगस्त।
सीतापुर स्टेडियम ग्राउंड में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत मंगलवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, सप्तगिरि उल्का सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।

वार्ता के दौरान मंत्री अमरजीत ने कहा कि भूपेश सरकार आदिवासियों के संस्कृति एवं धरोहर को सहेजने भरपूर प्रयास कर रही है। आदिवासियों को विकास के रास्ते पर लाने एवं उन्हें संवैधानिक अधिकार दिलाने बड़े पैमाने पर सरकार ने काम किया है। पहले 9 अगस्त को अवकाश घोषणा के लिए आदिवासी समाज के लोग पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह से कई बार मांग किए थे, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। भूपेश सरकार जैसे ही सत्ता में आई, बिना बोले 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के दिन अवकाश घोषित कर दिया। आदिवासियों के संवैधानिक अधिकार को दिलाने भूपेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ा, लेकिन भाजपाइयों एवं राज्यपाल के द्वारा हस्ताक्षर नहीं किए जाने से 32 प्रतिशत आरक्षण का बिल अभी तक अटका हुआ है। 

श्री भगत ने कहा कि भाजपा आदिवासी विरोधी है,यह कभी आदिवासियों के हित में नहीं सोच सकती, इसलिए राज्यपाल से बिल पास नहीं होने दे रही है। भूपेश सरकार ने सरगुजा और बस्तर में आदिवासियों की मांग पर पेशा कानून लागू कर उनकी मांग को पूरा किया व वनांचल क्षेत्र में रहने वाले आदिवासी समुदाय के आर्थिक तरक्की के लिए 67 प्रकार के लघु वनोपज की खरीदी कर आदिवासियों को सशक्त बनाया है।वहीं इसके संग्रहण एवं विपणन के लिए सरकार ने 1000 करोड़ से ज्यादा का प्रावधान रखा है। तेंदूपत्ता जो पहले 2500 रुपए उसे भूपेश सरकार ने 4000 कर दिया है। आज सरगुजा और बस्तर का महुआ विदेश में 100 रूपए किलो से अधिक दर पर बिक रहा है।
विश्व आदिवासी दिवस पर सीतापुर स्टेडियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर अमरजीत भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे एवं यहां कई बड़ी घोषणाएं करेंगे जो आदिवासियों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

श्री भगत ने कहा कि सरकार ने विशेष जनजाति कोरवा, पंडो को सीधी भर्ती के माध्यम से विकास की मुख्यधारा में जोड़ दिया है। कुछ जनजाति की जिनकी मात्रात्मक त्रुटि थी, उसमें सुधार करवा कर उन्हें लाभ दिलवा रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत को 10 हजार खाते में ट्रांसफर करवा कर उनका विकास कर रही है।

चुनाव लडऩे का सबको अधिकार है लेकिन प्रेस वार्ता कर दावेदारी करना उचित नहीं
सीतापुर जनपद अध्यक्ष शांति देवी द्वारा सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीतापुर विधानसभा से अपनी दावेदारी पेश करने के प्रश्न पर मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि लोकतंत्र में सबको अधिकार है कि वह चुनाव लड़े, पार्टी से टिकट की मांग करें, मगर अनुशासन में रहकर। प्रेस कांफें्रस करके अपनी दावेदारी करना उचित नहीं है।
श्री भगत ने कहा कि रही बात बाहरी का तो उन्होंने कहा कि देश एवं प्रदेश के कई लोकसभा व विधानसभा सीट ऐसे हैं जहां बड़े-बड़े मंत्री नेता चुनाव लड़ते हैं और जीते हैं, तो क्या उन्हें वहां से नहीं लडऩा चाहिए। दावेदारी पेश करने को लेकर श्री भगत ने कहा कि मेरे शुभचिंतक मेरी क्षमता को बढ़ाते हैं, मेरी सूझबूझ की परीक्षा लेते रहते हैं। छतीसगढ़ में कई ऐसे सीट हैं जो सामान्य है और वहां से आदिवासी प्रत्याशी चुनाव लड़ कर जीतते आए हैं।

मंत्री अमरजीत भगत ने आगे कहा कि भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विधायक विष्णु देव साय को गत वर्ष  9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के दिन हटाकर आदिवासियों की भाजपा ने बेइज्जती किया था। 

15 अगस्त को भाजपा के द्वारा सभी गौठानों में गाय को नहीं बांधने एवं डंडा लेकर उनके प्रदर्शन करने के प्रश्न पर श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गौ माता के लिए गोठानों के माध्यम से अच्छी योजनाएं लाए हैं, जिन्हें भाजपा पचा नहीं पा रही है। भाजपा सरकार में कई गौ माता भूखे मर जाती थी, पर भूपेश सरकार ने उनका सम्मान करते हुए उनके लिए सुरक्षित जगह स्थान बनाया है। 

15 अगस्त के बाद भाजपाइयों द्वारा झंडा लेकर सडक़ पर उतरने के प्रश्न पर श्री भगत ने कहा कि भगवान भाजपाइयों को सद्बुद्धि दे। प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्याम लाल जायसवाल, आदित्य भगत,पार्षद दीपक मिसरा,लालचंद यादव,परवेज आलम गांधी,विक्रम जैन सहित अन्य मौजूद थे।


अन्य पोस्ट