सरगुजा

ड्यूटी के साथ-साथ समाजिक हित में कार्य करना अच्छी पहल- आईजी
07-Aug-2023 8:28 PM
ड्यूटी के साथ-साथ समाजिक हित में कार्य करना अच्छी पहल- आईजी

  पुलिस ने खिलाडिय़ों को बांटी खेल सामग्री  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुसमी, 7 अगस्त।
सरगुजा रेंज के नवपदस्थ आईजी का दौरा रविवार को नक्सल प्रभावित सामरी इलाकों में रहा। दौरा के बाद आईजी के मुख्य आतिथ्य में व बलरामपुर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के विशिष्ट अतिथि में जिला पुलिस बलरामपुर - रामानुजगंज के तत्वावधान में सामरी एवं चांदो थाना के ग्रामीण इलाकों के युवा खिलाडिय़ों के लिए फुटबॉल - वॉलीबॉल आदि खेलों प्रतियोगिता के आयोजन के लिए रविवार  को सामरी के कूटकू स्थित माता राजमोहनी देवी के स्मारक स्थल में जिला पुलिस विभाग बलरामपुर द्वारा ग्राम खेल समिति का गठन किया गया।

इस कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय शिक्षिकाओं द्वारा स्वागत गीत गाकर किया गया तथा खिलाडिय़ों को ड्रेस, फुटबॉल, वॉलीबॉल, नेट सहित अन्य खेल सामग्री वितरण किया गया। आयोजित मंच का संचालन शिक्षक मुकेश यादव ने किया। 

 आईजी अंकित गर्ग ने कहा कि खेल से शरीर मन तो स्वस्थ रहता ही है, साथ ही एक टीम भावना की जिज्ञासा भी उत्पन्न होती हैं। बलरामपुर एसपी की प्रशंसा करते हुए कहा कि ड्यूटी के साथ - साथ सामाजिक हित में कार्य करना अच्छी पहल है, इससे जनता व पुलिस के बीच अच्छा तालमेल बना रहेगा।  इस आयोजन के लिए एसपी को शुभकामनायें देकर उपस्थित लोगों को सहभागिता देने धन्यवाद ज्ञापित किया।

एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा जिला में मेरा लक्ष्य है करीब 300 गांवो में ग्राम खेल समिति का गठन कर युवाओं को खेल के प्रति आगे लाना. आने वाले दिनों में मेरा प्रयास रहेगा यहां खेल एकदमी कोचिंग क्लास की शुरुआत की जाए. जिला बल व पुलिस की भर्ती में यह अच्छा अवसर खेल के माध्यम से मिलेगा. सभी से सहयोग मुझे विश्वास हैं युवाओं को खेल के प्रति जागरूक कर अच्छी दिशा आने वाली पीढिय़ों को मिला पाएगा। खेल ही अच्छे पहचान का माध्यम है। आज के अच्छे कार्यक्रम के आयोजन पर सामरी एसडीओपी डीके सिंह व थाना प्रभारी विनोद पासवान के पूरी टीम की प्रशंसा की तथा ग्रामीणजनों की अत्यधिक उपस्थिति पर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।

एसडीओपी डीके सिंह सामरी ने भी आईजी व एसपी को यहां की स्थिति तथा आयोजित कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अंत में कार्यक्रम में पहुचे समस्त जनों का आभार व्यक्त एडिशनल एसपी चंद्रेश ठाकुर ने किया।

इस दौरान एडिशनल एसपी चंद्रेश ठाकुर, एसडीओपी सामरी दिलीप कुमार सिंह, सामरी थाना विनोद पासवान, चांदो थाना प्रभारी सम्पत पोटाई, पुलिस आरआई विमलेश कुमार देवांगन, हिंडालको के सीएसआर अधिकारी विजय मिश्रा, एचआर राजेश घोष, शिक्षिका, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सीआरपीएफ के जवान तथा सैकड़ो की संख्या में आस - पास के ग्रामीण जनता उपस्थित थे। सामरी पुलिस द्वारा इस कार्यक्रम में पहुंचे दूर - दराज सहित उपस्थित सभी ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।

खेल अकादमी, फुटबॉल एथलीट खोले जाने आईजी से निवेदन
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज को टाटीझरिया के पूर्व सरपंच संतोष इंजीनियर व उप सरपंच महेंद्र यादव सहित अन्य ग्राम पंचायत के सरपंच व ग्रामीणों ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के बलरामपुर जिला अंतर्गत आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में पूर्ववर्ती समय में माओवादी संगठन का कुप्रभाव रहा, जिसमें उनके विचारों से अनेकानेक युवा मुख्यधारा को छोड़ उनके साथ ही चले गए थे. परंतु छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस विभाग तथा स्थानीय लोगों की मदद से माओवादियों का सफाया हो चुका है। इस क्षेत्र में आदिवासी युवाओं में अपार उत्साह और साहस है खेल के प्रति यह अलग बात है कि राष्ट्रीय - अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में मंच का उचित मार्गदर्शन व प्रशिक्षण के अभाव में कोई पहचान नहीं हो सकी। ज्ञापन के जरिए निवेदन किया कि सामरी पाठ में खेल अकादमी फुटबॉल एथलीट खोलने की पहल करें।

मतदाता जागरूकता प्रचार-प्रसार 
आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए मतदाता जागरु कता प्रचार-प्रसार के तहत कार्यक्रम स्थल के पास मतदाताओं को ईवीएम - वीवीपीएटी मशीन के संबंध में जानकारी देकर मशीनों का प्रयोग करने एवं परिणामों की पुष्टि करने का अवसर ग्रामीणों को प्रदान किया गया। इस अवसर पर मंडल संयोजक सह नोडल अधिकारी हरिशंकर सोनवानी कुसमी, मशीन प्रभारी लालदेव, फिलीप संकुल समन्वयक टाटीझरिया व सरईडिह सहित अन्य उपस्थित रहे। 


अन्य पोस्ट