सरगुजा

जनपद अध्यक्ष ने सीतापुर विस में की दावेदारी पेश
07-Aug-2023 7:57 PM
जनपद अध्यक्ष ने सीतापुर विस  में की दावेदारी पेश

कहा- इस बार लड़ाई स्थानीय एवं बाहरी को लेकर होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 7 अगस्त।
आज सरगुजा जिला के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जनपद पंचायत सीतापुर की कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष शांति देवी ने अंबिकापुर नगर के प्रेस क्लब में एक वार्ता कर इस बार कांग्रेस से अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं।

शांति देवी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सीतापुर विधानसभा का यह चुनाव अब सिर्फ किन्हीं दो-तीन पार्टियों के बीच के जीत और हार तक ही सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह सीतापुर विधानसभा 2023 का चुनाव स्थानीय एवं बाहरी को लेकर होगी। आखिर कब तक एक ऐसे व्यक्ति को हम चुनते रहेंगे, जिसे स्थानीय लोगों से, मूल निवासियों से कोई लेना-देना नहीं है। जिसके लिए बाहरी लोग ही सबकुछ है, जिसने धीरे-धीरे कर स्थानीय स्तर के सामान्य एवं आदिवासी दोनों ही वर्ग के नेताओं को दरकिनार कर स्थानीय राजनीति से अलग कर दिया है।

आगे कहा कि  स्थानीय स्तर के महिला संगठन, महिला समूह, सामाजिक संगठन सभी यह चाहते हैं कि कांग्रेस सीतापुर विधानसभा में अपना प्रत्याशी बदले और ऐसे व्यक्ति को टिकट दे जो स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दें। सीतापुर विधानसभा में 2023 का यह चुनाव स्थानीय एवं बाहरी को लेकर लड़ा जाएगा। हमारी लड़ाई स्थानीय विधायक से कोई व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि यह लड़ाई आदिवासियों के सम्मान की, स्थानीय लोगों के सम्मान की, क्षेत्र के विकास की है। लोग सीतापुर विधानसभा में कांग्रेस की ओर से नया प्रत्याशी चाहते हैं।

सभी के समर्थन से मैं टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रही हूं। शांति देवी सीतापुर ब्लॉक महिला कांग्रेस की अध्यक्ष है एवं पूर्व सरपंच भी रह चुकी हैं।


अन्य पोस्ट