सरगुजा
क्षतिग्रस्त खेतों व बर्बाद फसल के लिए किसानों को मिले तत्काल मुआवजा- विनोद हर्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 अगस्त। एक-दो दिन की वर्षा से सलवा में पक्के लाइनिंग की नहर का 50 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया, जिससे वहां की मिट्टी के बहाव ने कई किसानों के खेतों को कीचड़ से पाट दिया और धान की खेती बर्बाद हो गई। साथ ही सलवा ग्राम पहुंच मार्ग का आवागमन भी ठप हो गया है।
ग्रामीणों की शिकायत पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह ने ग्राम सलवा पहुंचकर नहर के क्षतिग्रस्त स्थल व उसके कारण बर्बाद हुए खेतों व उससे चौपट हुई फसल का निरीक्षण किया।
किसानों से बातचीत के दौरान यह बात सामने आई कि नहर निर्माण के बाद मरम्मत का काम ही नहीं हुआ है, पूरी नहर मे जगह-जगह दरारें आ गई है, इसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा कई बार करने के उपरांत भी विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
किसानों ने बताया कि यदि विभाग वर्षा ऋतु से पूर्व नहर में जमी हुई मिट्टी कीचड़ को साफ करने का भी काम कर लिया होता तो आज नहर की यह दुर्दशा नहीं होती। अब नहर के टूट जाने से सलवा गुमगा डांडग़ांव के किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध नहीं हो पाएगा,जिससे भविष्य में उनकी फसल पर नष्ट होने का खतरा मंडरा रहा है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष ने कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। नहरों के लिए वार्षिक मरम्मत के आने वाले पैसों की बंदरबांट का ही परिणाम है कि आज किसानों के खून पसीने की कमाई भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है।
विनोद हर्ष ने कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से तत्काल नहर की मरम्मत करने व किसानों को क्षतिग्रस्त फसल व खेतों को सुधारने के लिए तत्काल उचित मुआवजा प्रदान करने तथा वार्षिक मरम्मत के नाम पर अधिकारियों की मिली भगत से गबन की हुई राशि की जांच कर दोषियों को दंडित किए जाने की मांग की है।
उपाध्यक्ष ने प्रभावित किसानों से उनके घर पर भेंटकर उन्हें नहर के टूट जाने से हुई क्षति का मुआवजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सर्व रामजतन यादव,चंद्रभान सिंह,अरुण कुमार, अमित दास,उजियार राम,दीपक टेकाम,श्रीमती सनी बाई सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।