सरगुजा
अम्बिकापुर, 3 अगस्त। भारी बरसात में नवनिर्मित नाली टूटने के मामले पर नगर निगम निर्माण विभाग के एमआईसी और श्रम कल्याण मण्डल के अध्यक्ष शफ़ी अहमद ने नाराजगी जताई है। उन्होंने दोषियों पर कार्यवाही का निर्देश दिया है।
विगत 60 घण्टों से हो रही बरसात में निगम क्षेत्र में वार्ड 3 के तुर्रापानी पुलिया से मुक्तिधाम नाला तक, गोधनपुर में किसुन राम के घर से आउटलेट तक और सत्तीपारा में सिविल कोर्ट से पंचदेव मन्दिर तक निर्मित नाला का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इसकी जानकारी मिलते ही निर्माण विभाग प्रभारी शफ़ी अहमद ने आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई करने कहा है।
पत्र में कहा गया है निर्माण क्षति ग्रस्त होने से शासकीय धन की हानि के साथ साथ शासन की छवि धूमिल हुई है। अवलोकन से स्पष्ट है कि पीसीसी में स्किन री इंफोर्समेंट नहीं लगाया गया है। दीवार के बीच में होल भी नहीं है। कंक्रीट कार्य में हनी कॉम्बिंग बहुत अधिक है जिनमे पानी का रिसाव हो रहा है जिससे स्ट्रक्चर खराब हुआ है। तत्काल निर्माण स्थल और आवश्यकतानुसार डिजाइन की जांच, ड्राइंग डिजाइन के अनुसार किये कार्य की जांच, क्षतिग्रस्त कार्य का माप लेकर माप पुस्तिका से मिलान, क्षतिग्रस्त कंक्रीट की गुणवत्ता की जांच कराकर तत्काल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने कहा है।