सरगुजा
पूर्व सांसद व निगम नेता प्रतिपक्ष ने गौठान के कार्यों में
लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, कहा- हो सीबीआई जांच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 जुलाई। भूपेश सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में गोठानों में किए गए कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूर्व सांसद कमलभान सिंह व नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज ने सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा गौ सेवा के नाम पर गौठान को प्रचारित कर एक मॉडल के रूप में पूरे देश में श्रेय लेने का प्रयास किया गया। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा पूरे प्रदेश भर में लगभग 9948 गौठान में जागो गौठान खोलबो पोल अभियान चलाकर गौठान की हकीकत को जनता के सामने रखा। आंकड़ों के अनुसार प्रत्येक गौठान को बढ़ाने की लागत 19 लाख बताई गई है, जबकि भौतिक रूप से जाकर देखने पर 2 से 5 लाख की लागत ही मौके पर दिखती है। इसके अलावा गौठान में ना तो चारा है ना ही गाय। ना गोबर और ना ही खाद।
पूर्व सांसद कमलभान सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश भर में गौठान भ्रष्टाचार का अड्डा बन कर रह गया है। रोका छेका का अभियान का कोई अस्तित्व नहीं है। शहर के कांजी हाउस को ही अंबिकापुर में गौठान बना दिया गया है।
कमलभान ने आरोप लगाया कि गौठान भ्रष्टाचार का चारागाह बन गया है। लालू यादव के चारा घोटाले की तरह छत्तीसगढ़ में भी भूपेश सरकार का गोबर घोटाला है। इन सब की सीबीआई जांच हो ताकि जनता के सामने पूरा हिसाब सामने आ सके।
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गठान की योजना धरातल पर पूरी तरह फेल है चारा सप्लाई लाखों रुपए की दिखाई जाती है परंतु गौठान में मवेशी ही नहीं तो चारा किसे खिला रहे हैं। वर्मी कंपोस्ट के नाम पर मिट्टी कंकड़ डालकर जबरदस्ती किसानों को थमाया जा रहा है जिससे किसान भी परेशान है। 14- 15 वे वित्त के साथ-साथ डीएमएफ के पूरे पैसे को गौठान में खर्च करने के नाम पर सिर्फ कागजों में काम किया जा रहा है जो राशि क्षेत्र के विकास के लिए थी, उसका भ्रष्टाचार कर दिया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपाई अनिल सिंह मेजर, अखिलेश सोनी, मधुसूदन शुक्ल, संतोष दास, रूपेश दुबे सहित अन्य मौजूद थे।