सरगुजा
निकाला मातमी जुलूस, देर रात तक चला कार्यक्रम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,30 जुलाई। मुस्लिम समुदाय द्वारा मोहर्रम शहर सहित जिले भर में एकता व भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों द्वारा शहर में शांतिपूर्वक जुलूस निकाला गया व चौक पर फातिहा खानी की गई।
हालांकि मोहर्रम के जुलूस में बारिश ने खलल डाला। देर शाम हुई बारिश के कारण मातमी जुलूस निकलने में काफी देरी हुई, जिस वजह से इस बार भीड़ कम नजर आई। मुस्लिम समाज द्वारा इमाम हसन-हुसैन के शहादत की याद में मोहर्रम पर्व पिछले 10 दिनों से मनाया जा रहा है। इस दौरान समाज के लोगों द्वारा अपने घरों में फतिहाखानी के साथ ही मिलाद शरीफ का आयोजन किया गया।
समाज के लोगों द्वारा मोहर्रम की 8 तारीख को छोटी चौक व 9 तारीख को बड़ी चौक बिठाकर फातिहाखानी की गई वहीं शनिवार को मोहर्रम की 10 तारीख को पहलाम मनाया गया।
मोहर्रम की 10 तारीख को सुबह से ही लोगों द्वारा मिलाद शरीफ व लंगरखानी का आयोजन किया गया। इसके साथ ही शाम को समाज के लोग अपने ताजिया व अलम के साथ विभिन्न वार्डों से होते हुए सदर रोड स्थित कादिमि चौक पहुंचे थे यहां समाज के लोगों द्वारा जुलूस की मिलनी कराई गई व विभिन्न प्रकार के करतब दिखाए गए।
पहलाम के अवसर पर जुलूस पार्रा डांड, महामाया रोड, महामाया चौक, कादिमि चौक, सदर रोड, अग्रसेन चौक से होते हुए पैलेस रोड होते हुए वापस हुई। इसके बाद करबला में फतिहाखानी कर मुहर्रम के पहलाम का विधिवत समापन किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद, सदर इरफान सिद्दीकी, अफजाल अंसारी, परवेज आलम, अब्दुल लतीफ, अमीर अंसारी आदि मौजूद थे।