सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 28 जुलाई। यूनिसेफ, छत्तीसगढ़ बाल अधिकार वेधशाला,मानव संसाधन संस्कृति विकास परिषद के मार्गदर्शन में सेवा किटी समूह के द्वारा नई दिशा घुमंतू एवं कामगार आवासीय छात्रावास के बच्चों तथा प्लेस आफ सेफ्टी बालक एवं विशेष गृह बालक गंगा पुर अम्बिकापुर के बच्चों के साथ बाल सभा आयोजित किया गया।
वसुधा महिला मंच एवं सेवा किटी समूह की प्रमुख वरिष्ठ समाजसेविका वन्दना दत्ता दीदी ने कहा कि यूनिसेफ की सहायता से छत्तीसगढ़ बाल अधिकार वेधशाला एवं छत्तीसगढ़ के स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में पूरे प्रदेश में बाल सभा आयोजित कर बच्चों से उनके मुद्दों को चिन्हांकित कर रही हैं। इस अभियान पश्चात् यूनिसेफ एवं छत्तीसगढ़ बाल अधिकार वेधशाला के नेतृत्व में स्वैच्छिक संगठनों का प्रतिनिधि मंडल सभी राजनैतिक दलों से मिलकर उनके घोषणा पत्र में बच्चों के मुद्दों को प्रमुखता से शामिल कराने के लिए एडवोकेसी करेगा।
छत्तीसगढ़ बाल अधिकार वेधशाला के सरगुजा संभाग प्रभारी सह निदेशक चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी के मंगल पाण्डेय ने भारत के संविधान में वर्णित बच्चों के अधिकारों को सरल एवं सहज भाषा में समझाया। बच्चे हमारे देश के भविष्य हैं उनके अधिकारों का संरक्षण करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु सक्षम वातावरण निर्माण करना हम सभी का दायित्व है।
युवा समाजसेवी अनिल कुमार मिश्रा मुख्य कार्यकारी छत्तीसगढ़ प्रचार एवं विकास संस्थान ने समूह चर्चा के माध्यम से बच्चों के द्वारा उनके मुद्दों को चिन्हांकित किया।प्लेस आफ सेफ्टी बालक एवं विशेष गृह बालक के बच्चों को जीवन जीने की कला को सिखाया गया। बच्चों ने स्वस्फूर्त अपने -अनुभवों को साझा किया। नई दिशा के बच्चों ने बाल सभा में खुलकर सहभागिता किया। तथा गीत, कविता एवं नृत्य प्रस्तुत किया।