सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,21 जुलाई। किसानों के खाद-बीज की समस्या सहित आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाजपा सरगुजा का भूपेश सरकार के खिलाफ अम्बिकापुर विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन गुरुवार को स्थानीय एस.बी.आई. कलेक्ट्रेट ब्रांच के सामने भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर के मुख्य आतिथ्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के विशिष्ठ आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
धरना को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनिल सिंह मेजर ने कहा कि घोषणा पत्र के नाम पर सरकार ने कर्मचारी, मजदुर, नवजवान, बुजुर्ग, व्यापारी,किसान सभी को ठगा है। उन्होंने सरगुजा की जनता से आह्वान करते हुए कहा कि यदि हमें अपने विधानसभा से लगाव है, यदि इसके विकास की चिंता है, लोगों को सुविधाओ का लाभ मिले तथा सभी को अपना अधिकार मिले ये भावना है तो हमें वर्तमान विधायक को उखाड़ कर फेंकना होगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि ललन प्रताप सिंह ने कहा कि आम जनता बेहद परेशान है और मंत्री जश्न में डूबे हैं, आगे उन्होने उप मुख्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव से सवाल करते हुए पूछा कि आपने कहा था आप लोगों को धोखा देकर शासन नहीं कर सकते और जब आपके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच इतना अंतर्विरोध है तब उप मुख्यमंत्री का पद क्यों स्वीकार किया।
इस अवसर पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज,भाजपा के वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा,भाजपा जिला उपाध्यक्ष अम्बिकेश केशरी ने कहा कि बदलबो-बदलबो अबकी बारी कांग्रेस के सरकार ला बदलबो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दिया ये नारा छत्तीसगढ़ के गाँव-गाँव तक पहुचना चाहिए।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनाव में मजबूती से मुकाबला करना है, हम चुनाव जरुर जीतेंगे।
भाजपा के वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे ने कहा कि बहुत जल्द महामाया पहाड़ पर अवैध कब्ज़ा खाली होगा।
आगे उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के एक बड़े पदाधिकारी के कारण खाद समितियों तक नहीं पहुच रहा है, किसान खाद के लिए रो रहे हैं और सीधे दुकानदारों तक खाद पहुंचाई जा रही है।