सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर,13 जुलाई। आज सरगुजा जिला के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालमपुर गांव में तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिल में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक की मौत से गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम बेलकोटा मंगारी निवासी शैलेष कुमार (25 वर्ष) मंगारी से ग्राम बेलकोटा जा रहा था, वहीं ग्राम कपाट बहरी निवासी संजय बादी (35 वर्ष) बालमपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में ग्राम बालमपुर के समीप कोल डिपो के पास दोनों की बाइक में भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों की मौत हो गई।
इस हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान कर पीएम कराने के लिए सीतापुर भेज दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौत होने पर परिजनों सहित गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि शैलेश अपने मामा के यहां मंगारी में रहता था। वह बतौली बेलकोटा का रहने वाला था। शैलेश परिवार का एकलौता लडक़ा था, जबकि दूसरा मृतक युवक संजय ग्राम कपाटबहरी टुकुपानी बादी का रहने वाला है, जो काम के सिलसिले में बालमपुर जा रहा था।