सरगुजा

लेजर बोल कर दी ओपन सर्जरी, महिला की मौत
12-Jul-2023 8:48 PM
लेजर बोल कर दी ओपन सर्जरी, महिला की मौत

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप, कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 जुलाई।
एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पीडि़त परिजनों का आरोप है कि जरही निवासी ममता अग्रवाल को पित्त की थैली में पथरी होने पर शहर के एक निजी आशीर्वाद अस्पताल में भर्ती कराये थे। अस्पताल प्रबंधन ने महिला का लेजर पद्धति से ऑपरेशन करने की सलाह दी थी। जिस पर परिजन राजी हो गए, लेकिन लेजर ऑपरेशन न करने के बजाये डाक्टरों ने महिला की ओपन सर्जरी कर दी। कुछ देर बाद महिला की तबियत बिगडऩे लगी। अस्पताल में आईसीयू की सुविधा नहीं होने पर महिला को तत्काल बेहतर उपचार नहीं मिला सका। 

निजी अस्पताल के चिकित्सक गंभीर हालत में महिला को शहर के दूसरे निजी गायत्री अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने बताया कि महिला की पल्स नहीं चल रही है और उसका ब्रेन भी डेड हो चुका है। बावजूद उसके गायत्री अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला को आईसीयू में भर्ती कर दिया, वहीं कुछ घंटे उपचार करने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों की बड़ी लापरवाही की वजह से महिला की मौत हुई है, वहीं परिजनों ने निजी अस्पताल प्रबंधन पर सवाल खड़े किए हैं कि जब अस्पताल में आईसीयू की सुविधा नहीं थी तो किस आधार पर महिला की ओपन सर्जरी की गई।  परिजनों ने मामले की शिकायत गांधीनगर थाने में की है। साथ ही निजी अस्पताल के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, उठाए कई सवाल
पीडि़त के परिजन दुष्यंत अग्रवाल ने सवाल उठाते हुए और आरोप लगाते हुए कहा कि जब आशीर्वाद अस्पताल में ममता की लेजर सर्जरी की बात कही गई थी तो उसकी ओपन सर्जरी क्यों की गई ? अस्पताल में आईसीयू की सुविधा नहीं होने से भी गंभीर ममता को समय पर उपचार की सुविधा नहीं मिल पाई। जब उसका शरीर पूरी तरह से डेड हो चुका था, फिर भी गायत्री अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे दाखिल किया। परिजन ने पूरे मामले में लापरवाही का आरोप भी लगाया है।

पल्स बिगडऩे पर ले जाया गया था दूसरे अस्पताल-डॉ सिंह
आशीर्वाद अस्पताल के ऑनर डॉ. आदित्य सिंह ने कहा कि महिला के पित्त की थैली में पथरी होने पर 10 जुलाई की रात 9 बजे के लगभग उसका ऑपरेशन किया गया था। करीब 1.30 बजे रात तक महिला की स्थिति ठीक थी। अचानक रात को पल्स बिगडऩे लगी। आईसीयू बैकअप की जरूरत पडऩे पर तत्काल पास के अस्पताल में उसे ले जाया गया था।


अन्य पोस्ट