सरगुजा

क्रशर खदान से कई मकानों में दरारें
12-Jul-2023 8:45 PM
क्रशर खदान से कई मकानों में दरारें

   ग्रामीणों ने कार में तोडफ़ोड़ करते सवारों से की मारपीट   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 जुलाई।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर से लगे ग्राम असोला में एक क्रशर खदान में मंगलवार की रात गिट्टी तोडऩे के लिए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री उपयोग करने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि गिट्टी तोडऩे के लिए विस्फोटक सामग्री के प्रयोग से वहां के कई मकानों में दरार आ गई हैं, जिससे आक्रोशित ग्रामवासी वहां मौजूद कार सवार दो-तीन लोगों से मारपीट की है एवं उनके कार में तोडफ़ोड़ भी की गई है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात 10 से 11 बजे के बीच असोला ग्राम में एक के बाद एक क्रेशर खदान में कई विस्फोट हुए, जिसके कारण उक्त ग्राम के कई ग्रामीणों के मकानों में दरार आ गई। 

ग्रामीणों के अनुसार रात को कार सवार कुछ लोग क्रेशर खदान में आए थे जिसके बाद विस्फोट हुआ। वहीं कोतवाली पहुंचे कार सवारों का कहना है कि उनका विस्फोट से कोई लेना-देना नहीं है, वह वहां घूमने गए हुए थे। 

बहरहाल, ग्रामीणों की ओर से भी कोतवाली थाने में इसकी लिखित शिकायत नहीं की गई है और न ही कार सवार जिनके साथ मारपीट व उनके कार वाहन में तोडफ़ोड़ की गई है, उनके द्वारा भी किसी के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट नहीं लिखाया गया है।

गौरतलब है कि पूर्व में भी सरगुजा जिला के ग्राम असोला सहित लुंड्रा क्षेत्र में कई बार क्रेशर खदान में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री के प्रयोग से कई ग्रामीणों के मकान में दरार आ चुकी हंै, जिसका ग्रामीण समय-समय पर विरोध करते आए हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई देखने को अब तक नहीं मिली है।


अन्य पोस्ट