सरगुजा

उपमुख्यमंत्री के प्रतिनिधि से दुर्व्यवहार का आरोप
11-Jul-2023 7:55 PM
उपमुख्यमंत्री के प्रतिनिधि से दुर्व्यवहार का आरोप

कांग्रेसियों ने घेरा निगम कार्यालय निगम आयुक्त को हटाने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 जुलाई।
उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के क्षेत्रीय प्रतिनिधि दिलीप धर के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए निगम कार्यालय का घेराव कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममंगई को हटाने की मांग करते हुए महापौर के माध्यम से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ज्ञापन प्रेषित किया है।

ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाते हुए मंत्री टीएस सिंह देव के क्षेत्रीय प्रतिनिधि दिलीप धर ने बताया कि वे अ.भा. बंग समाज के अध्यक्ष हंै एवं भगवानपुर अम्बिकापुर में रहते हैं। विगत दिवस नगर पालिक आयुक्त भगवानपुर क्षेत्र में शासकीय प्रयोजन के लिए खुली भूमि की तलाश में भ्रमण पर थी और एक खुली भूमि जो कि गांव का निवासी रतन मण्डल के निजी पट्टे की भूमि पर नगर निगम के पूरे अमले के साथ खड़े होकर जमीन का मुआयना कर रही थीं। इसकी जानकारी किसी भी जनप्रतिनिधि को नहीं थी। 

भूमि स्वामी द्वारा मुझे फोन पर जानकारी देकर बुलाया गया। मौके पर पहुँचकर में कुछ पूछ पाता या सहयोग करने की भावना प्रकट कर पाता, आयुक्त ने देखते ही बोली कि तुम कौन, मैंने कहा कि मैं प्रतिनिधि हूँ। मैडम ने कहा कि क्या चीज के प्रतिनिधि हो? मैंने जवाब दिया कि बाबा साहब टी.एस. सिंह देव जी का प्रतिनिधि हूँ। साथ ही मैंने अपना परिचय सचिव जिला कांग्रेस तथा बंग समाज के अध्यक्ष के रूप में भी बताया। किन्तु आयुक्त ने तुम निकलो कह कर अपमानित किया। 

मेरे बार-बार निवेदन के बाद भी आयुक्त अपने नगर निगम अमले के सामने तिरस्कृत भाव से बाहर निकलो, बाहर निकलो तुम किसी के भी प्रतिनिधि हो यहाँ पर किसी की भी जरूरत नहीं है। बाहर निकलो, कह दिया तो बाहर निकलो। इसके बाद में वापस आ गया। किंतु इस घटना के बाद मैं बहुत ज्यादा अपमानित महसूस कर रहा हूँ। 

कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी होने के नाते, प्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि होने के नाते अथवा अपने बंग समाज का अध्यक्ष होने के नाते क्या मैं जनता के सेवक अधिकारी, कर्मचारी से जनता के हितों के लिए बात भी नहीं कर सकता तो मेरा जीवन बेकार है।

 कांग्रेसियों ने निगम आयुक्त को तत्काल यहाँ से अनयंत्र स्थानान्तरित करने की मांग की है, ताकि कार्यकर्ताओं में उचित संदेश जाएव और  जनहित के लिए स्वतंत्रता पूर्वक कार्य कर सकें।

प्रदर्शन कर रहे लोगों से ज्ञापन लेने महापौर डॉ अजय तिर्की सहित लोक निर्माण विभाग के प्रभारी शफी अहमद,एमआईसी सदस्य द्वितेंद्र मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे। 

इस संबंध में निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई से उनका पक्ष जानने ‘छत्तीसगढ़’ ने मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

आगे प्रेषित करेंगे ज्ञापन पत्र-महापौर
महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि उन्हें घटना के बारे में कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया है। इस ज्ञापन को आगे प्रेषित कर दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट