सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 जुलाई। लोन कार्ड बंद कराने के नाम पर एवं स्वयं को स्टेट बैंक का कर्मचारी बताकर 5 लाख 99 हजार की ठगी करने के मामले मे साइबर सेल एवं थाना कोतवाली ने संयुक्त कार्रवाई करते अंतरराज्यीय दो आरोपियों को भोपाल मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी अखिलानंद राजवाड़े उम्र 47 वर्ष ग्राम कंचनपुर थाना अम्बिकापुर द्वारा 13 मई को थाना कोतवाली आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि प्रार्थी के मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले अज्ञात युवक द्वारा स्वयं को एस.बी.आई. बैंक का कर्मचारी होना बताकर लोन कार्ड बंद करने के नाम पर झांसे में लेकर ओटीपी प्राप्त कर 599500 रूपये की ठगी किया गया हैं, प्रार्थी के रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर संयुक्त पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ़्तारी हेतु भोपाल मध्यप्रदेश रवाना किया गया था। संयुक्त पुलिस टीम द्वारा ठगी के मामले मे उपयोग किये गए खाते के अनुसार खाताधारक की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया,जो आरोपी द्वारा अपना नाम चंदन पंथी उम्र 39 वर्ष साकिन वेयर हाउस के सामने शिवनगर भोपाल का होना बताया गया।
आरोपी से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ करने पर बताया कि एक अन्य युवक विकास पासी के माध्यम से कमीशन राशी के लालच में बैंक खाता खुलवाकर अपना बैंक खाता एवं ए.टी.एम. कार्ड घटना कारित करने वाले अन्य आरोपियों को प्रदान करता है। मामले में विकास पासी उम्र 23 वर्ष साकिन कैची छोला माता की मडिय़ा भोपाल की भी घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी से पूछताछ करने पर कमीसन राशी के लालच में अन्य लोगों का खाता खुलवाकर खाता एवं एटीएम अन्य आरोपियों को प्रदान करना स्वीकार किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। मामले में अन्य आरोपियों की पता तलाश जारी है।