सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,10 जुलाई। राज्य सूचना आयोग ने जानकारी विलंब से देने के कारण तत्कालीन तहसीलदार बिजयनेद्र सिंह सारथी अंबिकापुर को 25 हजार रुपए का अर्थदंड का आदेश अर्थदंड की राशि वेतन से कटौती कर शासन के खाते में जमा करने का निर्देश दिया है। आरटीआई कार्यकर्ता व अधिवक्ता डीके सोनी को क्षतिपूर्ति राशि 500 रुपए देने का आदेश दिया है।
जन सूचना अधिकारी तहसीलदार अंबिकापुर जिला सरगुजा छत्तीसगढ़ के समक्ष 24 जनवरी 2019 को डीके सोनी अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा सूचना के अधिकार के तहत जानकारी प्रदान करने का आवेदन प्रस्तुत कर कार्यालय से पक्षकार वीरेंद्र कुमार ग्राम बलसेडी में पारित आदेश प्रकरण के संपूर्ण आर्डर सीट की प्रमाणित प्रतिलिपि मांगा था।
उपरोक्त प्रकरण में सलंग्न समस्त दस्तावेज पटवारी प्रतिवेदन आवेदन की प्रमाणित प्रतिलिपि के संबंध में जानकारी की मांग किया गया था जिसमें समय अवधि में वांछित जानकारी प्राप्त न होने के कारण राज्य सूचना आयोग के समक्ष द्वितीयअपील प्रस्तुत किया गया था।
उक्त द्वितीय अपील को राज्य सूचना आयोग ने पंजीबद्ध करते हुए तत्कालीन जन सूचना अधिकारी बिजयनेद्र सिंह सारथी तहसीलदार अंबिकापुर को नोटिस जारी किया गया तथा तत्कालीन जन सूचना अधिकारी से जवाब मंगाया गया,लेकिन जन सूचना अधिकारी द्वारा नोटिस के पालन में कोई पूर्ण लिखित जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।जिसके कारण राज्य सूचना आयोग द्वारा विधिवत सुनवाई करते हुए तत्कालीन जन सूचना अधिकारी श्री बिजयनेद्र सिंह सारथी तहसीलदार अंबिकापुर को 25 हजार रुपए का अर्थदंड धारा 20(1) के तहत आरोपित किया गया एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अंबिकापुर को निर्देशित किया गया कि तत्कालीन जन सूचना अधिकारी तहसीलदार अंबिकापुर जिला सरगुजा के वेतन से उक्त राशि काटकर शासन के खाते में जमा कर राज्य सूचना आयोग में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के साथ ही साथ अपीलार्थी को 500 रुपए क्षतिपूर्ति तत्कालीन जन सूचना अधिकारी से राशि प्रदान करने का आदेश दिया गया है।