सरगुजा
शिकायत के बाद भी विभाग गड्ढों को नहीं पटवा रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,10 जुलाई। लखनपुर के ग्राम जूनाडीह का मजार मार्ग मरम्मत और देखरेख के अभाव में काफी जर्जर व जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं, आए दिन दो पहिया वाहन गड्ढों में फिसल कर गिर रहे हैं। आज तक गड्ढों में डस्ट तक नहीं डाला गया। बस झूठा दिलासा दिया जा रहा है कि कल परसो तक में डस्ट गिर जाएगी।
ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है, उनके द्वारा पहले भी बताया जा चुका है कि अगर सडक़ का मरम्मत कार्य जल्द से जल्द नहीं हुआ तो मुख्य मार्ग में चक्काजाम किया जाएगा।
बरसात के दिनों में जगह जगह गड्ढों में पानी भर जाने से पहिया वाहनों तथा पैदल चलने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द से जल्द सडक़ का मरम्मत कार्य किया जाए।
सरपंच जूगमति मझवार,सुखदेव प्रसाद, पंच असलम अंसारी,उमा दास,मोहर साय, मेराज खान,इजराइल खान,आजाद अंसारी व अन्य ग्रामीण ने बताया कि सडक़ सुधार जल्द नही हुआ तो जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सब इंजीनियर शिवेंद्र दुबे से मोबाइल से बात की गई तो बताया गया कि प्रस्ताव पास हो गया है,जो रायपुर भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद अगले महीने तक सडक़ का कार्य शुरू किया जाएगा।