सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,4 जुलाई। हर सुबह घूम-घूम कर लोगों को पूजा के फूल बांटने का काम करने वाले एक व्यक्ति का शव अंबिकापुर मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा की गली में आज सुबह मिलने से सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि उक्त युवक शराब पीने का भी आदी था। उसके सिर व शरीर के अन्य स्थानों पर चोट भी मिले हैं। सूचना पर मणिपुर थाना प्रभारी प्रमोद पांडे सहित पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा। उक्त युवक की हत्या की गई है या फिर गिरने से उसे चोट आई है, जांच जारी है। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पीछे भ_ा पारा निवासी अजित सारथी (43) का शव मंगलवार की सुबह दर्रीपारा की गली जहां चारों ओर मकान है, वहां सडक़ किनारे आज सुबह देखा गया। खबर मिलते ही परिवार के लोग दौड़ते दौड़ते मौके पर पहुंचे। उक्त युवक के शरीर पर चोट के निशान देखकर परिवार वालों ने भी उसे मारने की शंका जताई है।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर ही मौजूद है। मामले में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि जिस स्थान पर युवक का शव मिला है उसके आसपास का क्षेत्र अवैध महुआ शराब बनाए जाने के लिए भी जाना जाता है।