सरगुजा

जंगली मशरूम खाकर एक ही परिवार के 4 सदस्य बीमार
03-Jul-2023 8:03 PM
जंगली मशरूम खाकर एक ही परिवार के 4 सदस्य बीमार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर, 3 जुलाई।
मैनपाट विकासखंड के ग्राम परपटिया में रविवार की रात जंगली पुटू (मशरूम) के सेवन से एक ही परिवार के चार सदस्य बीमार पड़ गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमलेश्वरपुर में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि पटपरिया निवासी एक माझी परिवार के द्वारा कल जंगली पुटू की सब्जी का सेवन किया गया था। इसके कुछ देर बाद ही परिवार के सदस्य उल्टी, दस्त करने लगे। अचानक चार लोगों के बीमार पड़ जाने पर हडकंप भी रहा। 

ग्रामीणों के द्वारा कबरी मझवार 30 वर्ष, फूलमती 25 वर्ष, मनरूपा 10 वर्ष और सुमारसाय 12 वर्ष को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों का कहना है कि सभी के स्वास्थ्य में सुधार है, उन्हें छुट्टी दी जा रही है। 

विदित हो कि बारिश के मौसम में जंगली पुटू बड़े पैमाने पर उगते हैं, और यह आदिवासी अंचल सरगुजा में प्रिय भोजन भी है।

बाजार में इसका शुरुआती भाव 800 से 1000 रुपए प्रति किलो तक होता है, वहीं इसके सेवन से लोगों के बीमार पडऩे की खबरें भी सामने आती रहती हैं।


अन्य पोस्ट