सरगुजा

शराब पकडऩे गए ग्रामीण के घर और थाना में महिला की पिटाई का आरोप
29-Jun-2023 8:16 PM
शराब पकडऩे गए ग्रामीण के घर और थाना में महिला की पिटाई का आरोप

एसपी को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
उदयपुर, 29 जून।
शराब पकडऩे गए ग्रामीण के घर और थाना में महिला से मारपीट किए जाने का आरोप पीडि़त महिला ने लगाया है। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है और करीब एक सप्ताह पुराना है। पीडि़त महिला ने पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की है। प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी एसडीओपी अंबिकापुर ग्रामीण को मिली है।

उदयपुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुर निवासी पीडि़ता दशमेत पैकरा (50 वर्ष) ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायत में बताया है कि 21 जून को थाना उदयपुर के पुलिस स्टाफ संतोष गुप्ता एवं अन्य स्टाफ मेरे घर आये थे और शराब बनाते एवं बेचते हो कहकर उसके साथ महिला आरक्षक एवं संतोष गुप्ता के द्वारा हाथ और लात से मारपीट की। 

महिला का कहना है कि उसके घर से शराब नहीं मिली, फिर भी उसके पति एवं उसे संतोष गुप्ता एवं अन्य स्टाफ द्वारा मारपीट करते हुए थाना उदयपुर ले गये। यह भी आरोप लगाया कि उन्हें छोडऩे के एवज में तीस हजार रूपये की मांग की। 

पीडि़त महिला का कहना है कि उसके पति का एलआईसी अभी-अभी पूरा हुआ था तो उसका पैसा 48 हजार रुपये घर में रखा हुआ था। जिसे उसके लडक़े दिनेश पैकरा के द्वारा उसमें से 30 हजार रुपये संतोष गुप्ता को थाना के सामने एक सरकारी गाड़ी खड़ा था, उसके पीछे में ले जा कर दिया गया। पैसा मिलने के बाद महिला को तो छोड़ दिया गया, परंतु उसके पति को थाने में रखकर मारपीट की गई।  मामले में महिला ने उक्त पुलिसकर्मी संतोष गुप्ता के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट