सरगुजा

छत्तीसगढ़ में घुमक्कड़ी दिल से का स्नेह सम्मिलन 22-23 जुलाई को
20-Jun-2023 8:10 PM
छत्तीसगढ़ में घुमक्कड़ी दिल से का स्नेह सम्मिलन 22-23 जुलाई को

मैनपाट में जुटेंगे प्रदेश/देश भर के ब्लॉगर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर,20 जून।
आगामी 22 एवं 23 जुलाई को प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में देश भर के घुमक्कड़ों का जलसा होने जा रहा है।

ज्ञात हो कि जीडीएस (घुमक्कड़ी दिल से ) फ़ेसबुक पर बजट घुमक्कड़ों का एक विशाल परिवार है जिसमें विभिन्न देशों के  लगभग 75 हज़ार से अधिक धुमक्कड़ आपस में जुड़े हुए हैं। यह ग्रुप ट्रस्ट के रूप में भारत सरकार से रजिस्टर्ड भी है।प्रदेश में अपनी तरह का यह पहला आयोजन है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ में पर्यटन (ईको पर्यटन,ग्रामीण पर्यटन तथा जनजातीय)को बढ़ावा देना तथा प्रदेश की नैसर्गिक सुंदरता को दुनिया के सामने लाना है।

घुमक्कड़ी दिल से के इस पहले राज्यस्तरीय सम्मिलन में छत्तीसगढ़ सहित देश के कई अन्य प्रमुख शहरों से लगभग 50 से अधिक घुमक्कड़ों के शामिल होने की संभावना है।

दो दिवसीय स्नेह मिलन कार्यक्रम में प्रदेश में पर्यटन के विकास एवं विस्तार पर चर्चा होगी तथा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत नृत्य,गायन, हस्तशिल्प, जनजातीय संस्कृति,खाद्य सामग्रियों आदि के माध्यम से अतिथियों को परिचित कराने का प्रयास किया जायेगा।

सम्मेलन के दौरान अतिथियों द्वारा अंचल में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता व मैनपाट में पर्यटन के प्रचार प्रसार हेतु ब्लॉगिंग, शॉर्ट फिल्म, फोटोग्राफी, यू ट्यूब वीडियो आदि का निर्माण भी किया जाएगा जिससे देश भर से अधिक से अधिक लोग सर्दियों में मैनपाट आकर यहां की अलौकिक तथा प्राकृतिक सुंदरता को निहार सकें एवं बौद्ध धर्म के सान्निध्य में रहकर असीम शांति का अनुभव कर सकें,साथ ही साथ,अंचल में बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने हेतु स्वैच्छिक प्रयासों को गति देने पर भी बात होगी।


अन्य पोस्ट