सरगुजा
अंबिकापुर, 20 जून। उत्तर छत्तीसगढ़ में संभवत 15 जून तक मानसून सक्रिय हो जाता है और तापमान गिरना प्रारंभ हो जाता है, आसमान में बादल छाने लगते हैं लेकिन इस बार मानसून के देरी से 16 से 20 जून के बीच अंबिकापुर शहर में तापमान 40 से 41 डिग्री के बीच बरकरार है उसका रिकॉर्ड बना है।55 वर्षों बाद 15 से 20 जून के अवधि में अंबिकापुर का तापमान सर्वाधिक है।
15 जून से 20 जून के बीच न्यूनतम तापमान जो कि 30 डिग्री पर बना हुआ है इस कारण लोगों को ज्यादा बेचैनी वह गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति 2009 में बनी थी उसके बाद 2023 में अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री पर बरकरार है,जो औसत न्यूनतम तापमान से 6 से 7 डिग्री ज्यादा है। मौसम जानकार श्री भट्ट ने बताया कि उत्तर छत्तीसगढ़ सरगुजा सहित अंबिकापुर में 15 जून के आसपास मानसून दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार मानसून देर से पहुंच रहा है। प्री मानसून के नहीं होने से तापमान में गिरावट नहीं हो रही है ना ही आसमान में बादल छा रहे हैं जिसके चलते सर्वाधिक एवं न्यूनतम तापमान 40 और 30 डिग्री पर बने हुए हैं जिसके कारण लोगों को गर्मी से भारी बेचैनी महसूस हो रही है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून के दस्तक को लेकर श्री भट्ट ने बताया कि 25 जून के बाद ही मानसून का आना संभव है,हालांकि एक-दो दिन में प्री मानसून की उम्मीद है जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।