सरगुजा

रकम दोगुना करने का झांसा दे ठगी, 4 आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
19-Jun-2023 8:37 PM
रकम दोगुना करने का झांसा दे ठगी, 4 आरोपी गुजरात से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर,19 जून।
रकम दुगुना करने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में 4 अंतरराज्यीय आरोपियों को अंबिकापुर पुलिस ने सूरत गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने 64 हजार रूपये नगद, 2 लैपटॉप, 6 मोबाईल कुल  2 लाख रूपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी मुलायम सिंह यादव निवासी ग्राम भेडिया धौरपुर ने थाना लुण्ड्रा आकर 25 मार्च को लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 फरवरी को प्रार्थी के मोबाईल पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर द ग्लोबल करेंसी नामक कंपनी में पैसा लगाने पर लगाई गई रकम को दुगुना करने का झांसा देकर 25 फरवरी तक के बीच में अलग-अलग किस्तों में कुल 12,65,200 रूपये प्रार्थी के यूपीआई आईडी से ठगी कर लिया गया है। मामले में प्रार्थी के रिपोर्ट पर थाना लुण्ड्रा में सदर धारा का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सीतापुर ध्रुवेश जायसवाल,अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर आरोपियों का पता तलाश कर गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा था।

सायबर सेल से आवश्यक तकनीकी जानकारी प्राप्त कर संयुक्त पुलिस टीम को सूरत गुजरात भेजा गया था। संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मामले में शामिल संदेहियों की घेराबंदी कर पकड़ कर पूछताछ किया गया जो अपना नाम माधव बेहरा (36) सूरज गुजरात,  कालू चरण आपाटा (33) ओडिशा,  युसूफ बना गाडावाला (32) सूरत गुजरात, साद आसिफ शेख (29) सूरज गुजरात का होना बताये।

 आरोपियों से ठगी की घटना के संबंध में पूछताछ करने पर प्रार्थी से 12,65,200 / रूपये की ठगी कारित करना स्वीकर किया। आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबुत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 2 लैपटॉप, 6 मोबाईल एवं 64000 / रूपये नगद बरामद किया गया है।


अन्य पोस्ट