सरगुजा
बेवजह गाली देने से रोका, तो चाकू से किए कई वार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 18 जून। तीन दिनों पूर्व कोतवाली थाना क्षेत्र के सत्तीपारा पारा मोहल्ले में एक युवक को चाकू मारकर जख्मी कर देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि बेवजह गाली गलौज देने से रोकने टोकने की बात को लेकर हुई विवाद घटना की वजह बना। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पत्थर, नुकिला हथियार एवं खून लगा कपड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल युवक आशुतोष चौबे (28 वर्ष) नमनाकला अम्बिकापुर से पुलिस ने पूछताछ किया तो उसने बताया कि 15 जून की रात को प्रार्थी अपने भाई शुभम मिश्रा के साथ सत्तीपारा होते हुए नमनाकला की ओर जा रहा था, तभी सत्तीपारा में बीच रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति अनायास गाली गलौज कर रहा था। प्रार्थी द्वारा गाली गलौज देने से मना करने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा रोड में पड़े पत्थर से प्रार्थी के सिर में मारा, जब प्रार्थी उक्त अज्ञात व्यक्ति को पकडऩे के लिए पहुंचा तो एक अन्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी को जान से मारने की नीयत पर से नुकीला हथियार निकालकर प्रार्थी के छाती,पेट, पीठ के कई जगह पर वार किया गया। इसके बाद दोनों आरोपी मौक़े से फरार हो गए। घायल द्वारा आरोपियों को देखकर पहचान जाना बताया गया।
मौक़े पर घायल को घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में फोटो दिखाए गए। आरोपियों की पहचान की गई, जिस पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी का तलाश किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस में आरोपी आकाश सिंह उम्र 25 वर्ष एवं विकाश सिंह उर्फ निक्की उम्र 20 वर्ष दोनों सत्तीपारा अम्बिकापुर जो सगे भाई हैं, को पकडक़र पूछताछ किया गया। आरोपियों द्वारा हत्या का प्रयास की घटना कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर, नुकीला हथियार घटना के दौरान पहना हुआ कपड़ा बरामद किया गया हैं।