सरगुजा

चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या, गिरफ्तार
03-Jun-2023 8:42 PM
चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बगीचा, 3 जून। चरित्र शंका में शराब के नशे में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को जशपुर जिला की थाना सन्ना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर  गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी महेश राम निवासी मांझाटोली सन्ना ने 31 मई को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बड़ा पुत्र मिन्सू प्रजापति लगभग 10 वर्ष पूर्व से शंकरगढ़ क्षेत्र की एक महिला को पत्नी बनाकर रखा है, उनका एक 3 वर्षीय पुत्र है। प्रार्थी का पुत्र मिन्सू प्रजापति एवं बहू दोनों शराब पीने के आदी है। मिन्सू प्रजापति पत्नी पर चरित्र शंका करते हमेशा विवाद एवं मारपीट करता रहता है।

30 मई  को मिन्सू प्रजापति एवं उसकी पत्नी सुबह से शराब पीये थे, शाम लगभग 4 बजे मिन्सू प्रजापति अपनी पत्नी को दूसरे व्यक्तियों से बात करती है, उनसे गलत संबंध रखती है कहकर लड़ाई-झगड़ा किया एवं घर में रखे लकड़ी फारा एवं हाथ मुक्का से मारपीट करने लगा एवं रात्रि लगभग एक बजे तक आज इसे जान से मार दूंगा कहकर मारपीट किया।

प्रार्थी बीच-बचाव करने गया तो उसके पुत्र ने उसे भी मार देने की धमकी दी। लगातार मारपीट करने से मिन्सू प्रजापति की पत्नी (35) की मौत हो गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर  थाना प्रभारी द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस ने दबिश देकर आरोपी मिन्सू प्रजापति को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उक्त अपराध को करना स्वीकार किया एवं उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फारा को जब्त किया गया। आरोपी मिन्सू प्रजापति (38) मांझाटोली के विरूद्ध पर्याप्त अपराध सबूत पाये जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

              


अन्य पोस्ट